पींड में 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, 780 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
बड़ीसादड़ी के पींड में 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हुई। 65 टीमों के 780 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मंत्री गौतम दक ने खेल मैदान में तारबंदी के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की।

तस्वीर में सहकारिता मंत्री गौतम दक बड़ीसादड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर संबोधन देते नजर आ रहे हैं।
बड़ीसादड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पींड में 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर की 65 टीमों के 780 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतम दक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता स्थल के खेल मैदान में तारबंदी के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
मंत्री गौतम दक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
मंत्री दक ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में तारबंदी के लिए 5 लाख रुपए दिए जाएंगे। एस्टीमेट तैयार होने के बाद यदि आवश्यकता और राशि बढ़ती है तो उसकी भी पूर्ति की जाएगी।
कार्यक्रम के आरंभ में ग्रामीणों ने मंत्री दक को घोड़ी पर बैठाकर गाजे-बाजे के साथ पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। मैदान पर पहुंचते ही खिलाड़ियों में मुकाबलों को लेकर उत्साह नजर आया।
मुख्य निर्णायक मिट्ठूलाल जाट ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर से 65 टीमों के 780 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को महामंत्री पहलवान सालवी एवं मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जणवा ने भी संबोधित किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिता के पहले दिन जिले की विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने तेज रेड, मजबूत डिफेंस और शानदार दांव-पेंच से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हर अंक के साथ मैदान पर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बढ़ता नजर आया।
आयोजन में ग्रामवासी भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। खिलाड़ियों के भोजन एवं आवास की व्यवस्थाओं में ग्रामीणों एवं भामाशाह सहयोग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। ग्रामवासियों की ओर से विजेता खिलाड़ियों के लिए पारितोषिक की व्यवस्था भी की गई है। इससे खिलाड़ियों में बेहतर प्रदर्शन को लेकर उत्साह बना हुआ है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में निकुंभ मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जणवा, महामंत्री पहलवान सालवी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश चंद्र धाकड़, ओंकार लाल जणवा, गोपाल सिंह राव, हीरालाल जाट, चुन्नीलाल मेनारिया, शांतिलाल पुष्करणा, कालूराम मेनारिया, देवीलाल मेनारिया, प्रकाश गिरी गोस्वामी व निर्भय सिंह झाला मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक भेरूलाल सालवी एवं शारीरिक शिक्षक चंद्रकांत शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, आयोजन समिति के सदस्य, शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
