बड़ीसादड़ी। नगर कांग्रेस बड़ीसादड़ी ने नगर के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लंबित पट्टे जारी करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई किस्तें तत्काल जारी करने और 15 अगस्त के अवसर पर लगभग 3 लाख रुपये के मिठाई (नुक्ती) टेंडर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इन मांगों को लेकर उपखण्ड अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपने की मांग रखी गई है।

प्रदेश महासचिव एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष मुस्तफा अली बोहरा (अल्पसंख्यक) एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह झाला ने कहा कि नगर के अनेक गरीब परिवार लंबे समय से पट्टे मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पट्टे जारी नहीं होने से उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं एवं अधिकारों का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई पात्र हितग्राहियों ने योजना के भरोसे अपने पुराने मकान तक तोड़ दिए और निर्माण कार्य शुरू कर दिया, लेकिन अगली किस्त नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट में हैं। बरसात के दौरान ऐसे परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों की लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण कर किस्तें जारी करने तथा मकान तोड़कर निर्माण शुरू करने वाले परिवारों को प्राथमिकता देने की मांग की।

ज्ञापन में 15 अगस्त के अवसर पर लगभग 3 लाख रुपये की मिठाई (नुक्ती) के टेंडर को लेकर भी पारदर्शिता के सवाल उठाए गए हैं। नगर कांग्रेस ने मांग की कि टेंडर किस आधार पर और किन नियमों के तहत जारी किया गया, इसकी निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही अनुमानित लागत, निविदा प्रक्रिया, स्वीकृति तथा भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक एवं पारदर्शी बनाई जाए।

नगर कांग्रेस ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने प्रशासन से गरीब परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने तथा सार्वजनिक धन के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन देने के समय पूर्व पालिकाध्यक्ष दिलीप चौधरी, नगर महामंत्री अरविंद बक्षी, निवर्तमान पार्षद सुनील चौहान, राजेन्द्र गहलोत तथा राजकमल सिंह शक्तावत उपस्थित थे। नगर कांग्रेस की मांगों में गरीब परिवारों के लंबित पट्टों और प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तों के शीघ्र निस्तारण के साथ 15 अगस्त के लगभग 3 लाख रुपये के नुक्ती टेंडर की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच प्रमुख रही।

Updated On
Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story