बड़ी सादड़ी में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज
स्वीप टीम रैलियों, वोट चौपाल और शपथ कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित कर रही है।

बड़ी सादड़ी में आयोजित वोट चौपाल के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मतदान की शपथ दिलाते स्वीप अधिकारी।
बड़ी सादड़ी में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। स्वीप टीम लगातार रैलियों, ढोल-नगाड़ों, वोट चौपाल, रंगोली, रोड शो और तिरंगा यात्रा के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। इसी क्रम में स्वीप प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने खुद ढोल बजाकर विद्यार्थियों की रैली के जरिए चैनपुरिया में अभिभावक मतदाताओं को जागरूकता का संदेश दिया।
स्वीप टीम बड़ी सादड़ी की ओर से मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को अपने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाकर मतदान करवाने का संकल्प दिलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदान के प्रति उदासीन मतदाताओं को जागरूक कर अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना है।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक 23 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित कई गांवों और चौपालों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की रैलियां, रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता और तिरंगा यात्रा जैसी गतिविधियों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया गया है।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को अपने प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी तथा अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा, जीजाजी और जीजी को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अपने परिजनों को आगामी चुनावों में मतदान करवाने का संकल्प लिया।
बुधवार को चैनपुरिया और किरतपुरा में स्वीप टीम ने मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें 14 नवंबर 2026 और 16 नवंबर 2026 को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में स्वीप टीम के लगातार दौरों और धुआंधार गतिविधियों के बीच मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्यार्थियों की रैलियां ढोल-नगाड़ों के साथ आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने-अपने परिजनों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बड़ी सादड़ी में वोट चौपाल आयोजित की गई। चौपाल के बाद प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिभागियों ने तिरंगा वोट यात्रा निकाली। प्रतिभागियों ने स्वयं मतदान की शपथ ली और अपने परिजनों को भी मतदान करवाने का संकल्प किया।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी के सानिध्य में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू किर, रामेश्वर लाल मेघवाल और हुसैन बोहरा लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालयों के संस्था प्रधानों सहित समस्त शिक्षक और समाजजन मौजूद रहे। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की शपथ ली।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
