बड़ी सादड़ी पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों के मैदान में उतरने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस सचिव हनुमन्तसिंह बोहेड़ा की पत्नी जय श्री राठौड़ ने पंचायत समिति के वार्ड संख्या 5 से नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। उनके नामांकन के दौरान बोहेड़ा से बड़ी संख्या में समर्थक रैली के रूप में बड़ी सादड़ी पहुंचे। करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ निकली इस रैली ने चुनावी माहौल में नई हलचल पैदा कर दी।

हनुमन्तसिंह बोहेड़ा की अगुवाई में नामांकन रैली की शुरुआत बोहेड़ा स्थित भूत बावजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लेने के बाद हुई। रैली के स्वागत के लिए पूरा बोहेड़ा उमड़ पड़ा। रास्ते में जगह-जगह 36 कौम समाज के लोगों ने तोरणद्वार लगाकर पुष्पवर्षा की। जय श्री राठौड़ का फूल-मालाओं, उपरणा, पगड़ी और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

बोहेड़ा से करीब 100 गाड़ियों का काफिला लगभग 10 किलोमीटर तक चला। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। रैली में सबसे आगे डीजे और खुली गाड़ी में जय श्री राठौड़ सवार थीं। उनके पीछे कांग्रेस के झंडे लहराते वाहनों में समर्थक उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। पूरी गाड़ी फूल-मालाओं और पुष्पों से सजी हुई थी।

बड़ी सादड़ी पहुंचने पर जय श्री राठौड़ ने झाला मन्ना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद वे पैदल ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय पहुंचीं। रास्ते में नगर कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह झाला की अगुवाई में उनका पगड़ी और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

इधर, भाजपा महामंत्री पहलवान सालवी और प्रदेश के शिक्षक नेता नर्बदा शंकर पुष्करणा ने भी पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भाजपा की ओर से आवेदन किया है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व उप प्रधान उमेश शर्मा ने अपनी पत्नी अजिता शर्मा का नामांकन पत्र भी प्रस्तुत करवाया है। वार्ड संख्या 4 से विनायका पड़ेडा की सीमा अशोक टेलर और वार्ड संख्या 16 से भगवती देवी सिंह ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए।



3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 4 में श्रीमती गुड्डी देवी योगी, पत्नी गोपाल नाथ योगी, निवासी विनायका ने भी नामांकन पत्र जमा करवाया। इस दौरान ग्राम पंचायत पण्ड़ेड़ा और ग्राम पंचायत विनायका के पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके साथ उदयलाल जी गोस्वामी, अभीकर्ता मुकेश कुमार गुर्जर, शोकिन धाकड़, कीशन मेघवाल, मेघराज शर्मा, पन्ना लाल मेघवाल, रामेश्वर गुर्जर, योगेश नाथ, गोपाल जाट, शान्तिलाल मांली, दिलखुश डांगी और राधेश्याम ओड़ सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 17 वार्डों में कुल 32 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 नवम्बर निर्धारित है। इसी दिन तीन बजे से पहले राजनीतिक दलों के अधिकृत उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह प्रस्तुत करने होंगे। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान 14 नवम्बर को होगा।

इधर, सरपंच पद के चुनाव भी साथ होने से गांवों में चुनावी शोर तेज हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों पर चुनावी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रत्याशियों की ओर से मतदाताओं से संपर्क और मान-मनुहार का दौर चल रहा है। इसके साथ ही भोजन के लंगर भी शुरू कर दिए गए हैं। पंचायत समिति और सरपंच चुनाव को लेकर बड़ी सादड़ी क्षेत्र के गांवों में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story