आकोला–ताना की पहाड़ी स्थित माहेश्वरी समाज की कुलदेवी माता के मंदिर परिसर में निर्मित भव्य भक्त निवास के लोकार्पण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री बधर माता सांस्कृतिक एवं सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष, श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्र संत स्वामी श्री गोविंददेव गिरी महाराज से भेंट कर उन्हें लोकार्पण समारोह में पधारने का आमंत्रण प्रदान किया।

ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर सोमानी (संभाजीनगर) ने बताया कि राष्ट्र संत स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज के भीलवाड़ा प्रवास के दौरान ट्रस्ट प्रतिनिधिमंडल ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कानड़खेड़ा गांव के निकट ताणा की पहाड़ी की तलहटी में नवनिर्मित भक्त निवास के लोकार्पण हेतु औपचारिक आमंत्रण सौंपा। इस दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पूज्य संत से देवी भागवत कथा के आयोजन का भी आग्रह किया, ताकि अधिकाधिक श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के राष्ट्रीय मंत्री मनमोहन बागड़ी (मुंबई) एवं बद्रीलाल सोमानी (भीलवाड़ा) भी उपस्थित रहे। उन्होंने भक्तों की ओर से संतश्री से समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि आकोला–ताना की पहाड़ी पर स्थित माहेश्वरी समाज की कुलदेवी माता के मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और ठहरने की बेहतर व्यवस्था के उद्देश्य से श्री बधर माता सांस्कृतिक एवं सेवा ट्रस्ट द्वारा भव्य भक्त निवास का निर्माण कराया गया है, जिसका कार्य अब पूर्णता के अंतिम चरण में है।

ट्रस्ट से जुड़े श्रद्धालुओं की लंबे समय से यह भावना रही है कि इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सेवा परियोजना का लोकार्पण किसी प्रतिष्ठित संत के कर-कमलों से संपन्न हो। इस संबंध में राष्ट्र संत स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज ने ट्रस्ट को शीघ्र समय प्रदान करने का आश्वासन एवं आशीर्वाद दिया है। इससे ट्रस्ट पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है तथा आगामी लोकार्पण समारोह को लेकर अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story