कपासन चौराहा से हिन्दुस्तान जिंक प्लांट, मेड़ीखेड़ा फाटक तक और चंदेरिया क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल सड़कों, बड़े-बड़े गड्ढों और उड़ती धूल-मिट्टी से परेशान व्यापारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल राहत की मांग की। व्यापार सेवा संस्थान के बैनर तले चन्द्रसिंह शेखावत और भेरूलाल मेनारिया के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की स्थिति शीघ्र सुधारने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपे जाने के बाद जिला कलेक्टर ने अधिकारियों और एसडीएम को इस दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में भारी प्रदूषण की स्थिति बनी हुई है और सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति बन रही है। इससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि चंदेरिया मेन रोड की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सड़क से भयंकर धूल-मिट्टी उड़ने के कारण आसपास के दुकानदारों, व्यापारियों और निवासियों के लिए व्यापार करना और रहना दूभर हो गया है। विशेष रूप से व्यापारी वर्ग इससे काफी परेशान है।

ज्ञापन में स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर का भी उल्लेख किया गया। व्यापारियों के अनुसार क्षेत्र में अस्थमा और खांसी के रोगी बढ़ रहे हैं। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और लगातार अस्थमा होने का खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि काफी समय से प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं देने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

इस दौरान भेरूलाल मेनारिया, शिवशंकर उपाध्याय, मुकेश जीनगर, सतनाम सिंह, किशन शर्मा, प्रमोद राजपुरोहित, संजय शर्मा, कैलाश नाथ, अरविन्दर सिंह, अकरम, नवीन गुर्जर, ललित प्रजापत और सत्तु सालवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र की बदहाल सड़कों और प्रदूषण की समस्या पर ध्यान देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने सड़क की स्थिति सुधारकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग उठाई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story