ऐतिहासिक दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों से कथित अवैध वसूली और ऑटो चालकों के साथ मारपीट के आरोपों को लेकर शहर में विवाद गहरा गया है। ऑटो रिक्शा चालक यूनियन ने सक्रिय बताए जा रहे एक कथित लपका गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने आरोपियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज करने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और भ्रामक प्रचार करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

यूनियन के अनुसार गब्बर उर्फ रशीद, बंटी उर्फ अशफाक, सद्दाम तथा उनके सहयोगियों का एक कथित अवैध गिरोह दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय है। आरोप है कि यह गिरोह पर्यटकों से ऑटो सेवा के नाम पर प्रति व्यक्ति 400 से 500 रुपये तक वसूलता है, जबकि ऑटो चालकों को मात्र 40 रुपये प्रति सवारी दिए जाते हैं। साथ ही ऑटो वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक 7 से 8 यात्रियों को बैठाकर ओवरलोड संचालन कराया जाता है। यूनियन का कहना है कि इस व्यवस्था का विरोध करने वाले चालकों को मारपीट और दबाव का सामना करना पड़ता है।

यूनियन अध्यक्ष अय्यूब अली ने आरोप लगाया कि उन्होंने पूर्व में इस संबंध में शिकायतें दर्ज करवाई थीं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी मामले को सार्वजनिक किया था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने 5 जून को उन्हें होटल पद्मिनी के समीप बुलाया, जहां कथित रूप से करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और मना करने पर उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के बाद जब अय्यूब अली शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तभी राकेश पटवा नामक एक अन्य ऑटो चालक ने कथित रूप से एक व्हाट्सएप ग्रुप में फर्जी वॉयस नोट प्रसारित कर दिया। इसमें अय्यूब अली को अध्यक्ष पद से हटाकर स्वयं को नया अध्यक्ष घोषित किए जाने का दावा किया गया। यूनियन का कहना है कि इस कृत्य से अध्यक्ष की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अय्यूब अली ही यूनियन के वैध अध्यक्ष हैं।

ऑटो रिक्शा चालक यूनियन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाने में आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, यूनियन अध्यक्ष और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा भ्रामक और भड़काऊ प्रचार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रोशनलाल, आसिफ खान, सलीम बोकला, गोलू खान, साजिद खान, मंगल जाट, बाबू खान सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित रहे। मामले ने शहर के ऑटो चालक समुदाय में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है और अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story