बड़ीसादड़ी के बांसी-बोहेड़ा रेलवे स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध आसावरा माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनने वाले 9 लाख रुपये लागत के हॉल निर्माण कार्य का भूमि पूजन रविवार को 85 वर्षीय समाजसेवी बद्रीलाल मालू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। पंडित गजेन्द्र चौबीसा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दोपहर 12.15 बजे आयोजित समारोह में भूमि पूजन की सभी धार्मिक परंपराओं का पालन किया गया।

मंदिर परिसर में बनने वाला यह हॉल मुंबई के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं श्री सांवलिया होम एलएलपी के डायरेक्टर रोशनलाल मालू द्वारा अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय मांगी बाई मालू की पुण्य स्मृति में बनवाया जा रहा है। स्वर्गीय मांगी बाई, समाजसेवी बद्रीलाल मालू की धर्मपत्नी एवं रोशनलाल मालू की माताजी थीं। लगभग 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह हॉल भविष्य में धार्मिक अनुष्ठानों, सत्संग, भजन-कीर्तन, सामाजिक आयोजनों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

आसावरा माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष चमनसिंह सारंगदेवोत ने बताया कि मंदिर परिसर में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हॉल के निर्माण से देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी और बड़े धार्मिक आयोजनों के संचालन में भी आसानी होगी। उन्होंने मालू परिवार के इस सहयोग को समाजसेवा और धर्म के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

मुख्य अतिथि बद्रीलाल मालू ने कहा कि आसावरा माता के प्रति उनके परिवार की अटूट श्रद्धा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद मंदिर परिसर में हुए व्यापक विकास और कायाकल्प को देखकर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। उनके अनुसार धर्मस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए कार्य समाज की अमूल्य सेवा हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कैलाश चंद्र मालू एवं उनकी धर्मपत्नी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रोशनलाल मालू ने कहा कि माता के आशीर्वाद से उन्हें समाज और धर्म के कार्यों में योगदान देने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी मंदिर तथा क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में वह यथासंभव सहयोग जारी रखेंगे।

समारोह के दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों ने मंदिर में संचालित विकास कार्यों तथा अन्नपूर्णा समिति द्वारा मरीजों और उनके परिजनों के लिए संचालित निःशुल्क भोजन व्यवस्था की जानकारी दी। इस पर बद्रीलाल मालू ने कहा कि "अन्नदान सबसे श्रेष्ठ दान है और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है।"

भूमि पूजन समारोह में ट्रस्ट के देवकिशन व्यास, पूर्व सीबीईओ हीरालाल शर्मा, भेरूलाल मेनारिया, शंकर लाल मेनारिया, रतनलाल मेनारिया, हीरालाल जोशी, फतहलाल मेनारिया, शंकर लाल पोरवाल, पन्नालाल पोरवाल, हजारी लाल डांगी, भगवान लाल डांगी, गोविंद सिंह चौहान, राजुलाल बसेर, राजेन्द्र प्रसाद ओझा और मांगीलाल व्यास सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। हॉल निर्माण का यह कार्य मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story