चित्तौड़गढ़। आर्य समाज की युवा इकाई, आर्य वीर दल राजस्थान द्वारा आयोजित विशाल प्रांतीय आत्मरक्षा एवं चरित्र निर्माण शिविर का शुभारंभ श्री गुरुकुल में गरिमामय ध्वजारोहण के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रांतीय संचालक भवदेव शास्त्री, गुरुकुल के मंत्री एवं अधिष्ठाता आचार्य चन्द्रदेव, आचार्य हीरानन्द शास्त्री, मुख्य अतिथि अशोक टोडावाल, सरस्वती शर्मा, रतन काबरा, गगेन्द्र शास्त्री, अभिषेक बंसल, रामकृष्ण शास्त्री, दशरथ आर्य तथा हर्षवर्धन आर्य की उपस्थिति में ओम् का ध्वजारोहण, राष्ट्रीय प्रार्थना एवं वैदिक उद्घोष के साथ शिविर का विधिवत श्रीगणेश हुआ। इस दौरान शिविरार्थियों को संगठन के महत्व एवं उद्देश्य से अवगत कराया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन विशाल माहेश्वरी ने किया।

यह दस दिवसीय पूर्ण आवासीय शिविर बालकों के सर्वांगीण विकास हेतु समर्पित है, जिसमें जूडो-कराटे, आसन-प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, दंड-बैठक, अस्त्र-शस्त्र संचालन, शूटिंग, लेजियम, डंबल्स, मल्लखम्भ, संध्या यज्ञ एवं संस्कारों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर के बौद्धिक सत्रों में युवा शक्ति को पाश्चात्य विचारधारा के प्रदूषण से बचाव, नशा मुक्ति का संकल्प, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से दूरी और सात्विकता पूर्ण जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। गुरुकुल तथा आर्य वीर दल, दोनों की ही स्थापना 97 वर्ष पूर्व हुई थी। इस वर्ष अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं को उनके प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से चरित्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।

बरेली से पधारे प्रसिद्ध भजनोपदेशक पं. भानु प्रकाश शास्त्री एवं रमाकांत आर्य मधुर संगीत के माध्यम से ईश्वर भक्ति एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत-भजन प्रस्तुत कर रहे हैं। साथ ही, हरियाणा के आचार्य यशवीर आर्य धर्म, वेद, परमेश्वर और संस्कृति से संबंधित विषयों पर शंका समाधान सत्रों का संचालन कर रहे हैं। संभाग संचालक विशाल आर्य ने जानकारी दी कि राजस्थान के 20 जिलों से आए 300 आर्यवीरों को अनुशासित दिनचर्या में 12 व्यायाम शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण प्रक्रिया में प्रांतीय व्यायाम शिक्षक भागचंद आर्य, दिनेश आर्य, जीवनलाल आर्य, जितेन्द्र आर्य एवं प्रवीण आर्य अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रहे हैं। यह शिविर युवा पीढ़ी को शारीरिक रूप से सबल और नैतिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story