चित्तौड़गढ़ दुर्ग में आर्य वीर दल का दस दिवसीय प्रांतीय आवासीय शिविर आयोजित
आर्य वीर दल के शिविर के दौरान युवाओं ने दुर्ग की चढ़ाई कर इतिहास व संस्कृति को जाना, साथ ही शारीरिक दक्षता व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लिया।

चित्तौड़गढ़ दुर्ग परिसर में आर्य वीर दल द्वारा आयोजित दस दिवसीय आवासीय शिविर में भाग लेते युवा।
चित्तौड़गढ़। ऐतिहासिक और वीरता की भूमि चित्तौड़गढ़ में आर्य वीर दल राजस्थान के तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति और शारीरिक दक्षता का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री गुरुकुल में आयोजित दस दिवसीय प्रांतीय आवासीय शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को युवा आर्य वीरों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण किया। शिविर के अनुशासन का पालन करते हुए सभी आर्य वीर सुबह गांधी नगर क्षेत्र से रवाना हुए। इस दौरान युवाओं ने पारंपरिक रास्तों का चयन न कर दुर्ग पर सीधी चढ़ाई हेतु चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्ग को चुना। ऊबड़-खाबड़ रास्तों को पार करते हुए युवाओं ने देशभक्ति के जयकारों के साथ बेहद कम समय में दुर्ग पर चढ़ाई पूर्ण की।
दुर्ग पहुंचने के पश्चात आर्य वीरों ने सर्वप्रथम त्याग व सौंदर्य की प्रतीक रानी पद्मिनी के ऐतिहासिक जल महल का अवलोकन किया। तदोपरांत, विजय स्तंभ के प्रांगण में स्थित पवित्र जौहर स्थल पर एकत्रित होकर युवाओं ने जौहर की पावन माटी को नमन कर उन महान वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने स्वाभिमान हेतु अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस पवित्र परिसर में युवाओं ने सामूहिक गायत्री मंत्र का जाप किया और ध्यान लगाया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर विशाल माहेश्वरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ केवल एक किला नहीं, बल्कि यह देश के स्वाभिमान, बलिदान और आर्य संस्कृति की रक्षा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को दुर्ग के इतिहास, बप्पा रावल से लेकर राणा सांगा, उदयसिंह और जयमल-फत्ता के संघर्ष व चित्तौड़गढ़ के तीन महान साकों की गौरवगाथाओं से अवगत कराया। माहेश्वरी ने स्पष्ट किया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ ही उन्हें अपनी गौरवशाली संस्कृति व इतिहास से जोड़ना है। शिविर में युवाओं को लाठी संचालन, आत्मरक्षा, योग, आपदा प्रबंधन तथा नैतिक व राष्ट्रभक्ति के संस्कारों की शिक्षा दी जा रही है, ताकि वे भविष्य में देश के आदर्श नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
