भीषण गर्मी के बीच महाराणा प्रताप युवा मंडल और भैरवी फाउंडेशन ने 'शेयर टू शाइन' थीम के तहत जिले में निःशुल्क शीतल पेय वितरण शिविर लगाया।

भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आमजन को डिहाइड्रेशन से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को जिले में व्यापक जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आर्ट ऑफ गिविंग फाउंडेशन के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में चल रही सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया गया, जिसकी थीम “शेयर टू शाइन” रखी गई है।

जिले में यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप युवा मंडल एवं भैरवी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 251 लीटर आम पन्ना का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से करीब दो हजार लोगों ने लाभ प्राप्त किया। वितरण के दौरान राहगीरों, श्रमिकों, विद्यार्थियों एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस जनसेवा पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में आमजन को डिहाइड्रेशन से बचाव एवं राहत प्रदान करना तथा समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुलदीप प्रजापत एवं विशिष्ट अतिथि नाना लाल चावला उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं से समाजहित में आगे आकर सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। ऋषभ चतुर्वेदी, जो महाराणा प्रताप युवा मंडल के राज्य संयोजक एवं भैरवी फाउंडेशन के संस्थापक हैं, ने कहा कि जीवन में देने का भाव व्यक्ति को समाज से जोड़ने के साथ नैतिक एवं मानवीय मूल्यों की ओर अग्रसर करता है तथा प्रत्येक छोटा सेवा प्रयास किसी न किसी के जीवन में राहत और मुस्कान लाता है।

यह अभियान डॉ. अच्युत समंता द्वारा प्रारंभ किया गया है, जो समाज में निस्वार्थ सेवा की भावना को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी उद्देश्य के तहत देशभर में विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पूर्ण निस्वार्थ भाव से सक्रिय सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाया।

यह सेवा कार्यक्रम न केवल गर्मी से राहत का माध्यम बना, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय संवेदनाओं को भी नई ऊर्जा प्रदान करता हुआ एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story