डूंगला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
डूंगला उपखंड क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और राज्य कर्मी घोषित करने सहित कई मांगें उठाईं। साथ ही 20 जुलाई से ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य नहीं करने की चेतावनी भी दी।

डूंगला उपखंड कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपतीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं।
गला। उपखंड क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्मिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
ज्ञापन के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी कार्मिकों को नियमित किया जाए और उनका वेतन बढ़ाया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि अन्य विभागों के कार्य आंगनबाड़ी कार्मिकों पर नहीं थोपे जाएं। इसके साथ ही महंगाई भत्ता, सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक व्यवहार, रिटायरमेंट के पश्चात 10 हजार रुपये मासिक पेंशन सुविधा, समान वेतन, ग्रेच्युटी का लाभ तथा समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मी घोषित किए जाने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि 10 साल से अधिक अनुभव रखने वाली तथा ग्रेजुएट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एलएस का दर्जा दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो 20 जुलाई से वे सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य नहीं करेंगी।
इस दौरान संजया रेगर, भंवर कुंवर, मंजू देवी, ललिता देवी, लीला भांबी सहित उपखंड क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। ज्ञापन के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्मिकों ने अपनी मांगों के समाधान के लिए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
