आकोला: 'वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान' का समापन, विधायक ने की ये अपील
आकोला नगर पालिका के जल संरक्षण अभियान का समापन विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ। विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने विकास कार्यों और रिवर फ्रंट परियोजना की जानकारी दी।

आकोला में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के समापन समारोह में संबोधित करते विधायक अर्जुनलाल जीनगर और उपस्थित जनसमूह।
आकोला: आकोला नगर पालिका द्वारा 25 मई 2026 से 5 जून 2026 तक संचालित 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' का समापन शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अत्यंत उत्साह और संकल्प के साथ हुआ। इस जन-जागरूकता अभियान के अंतिम दिन नगर में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो जवाहर नगर स्थित मत्स्य तालाब पहुंची। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपासन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुनलाल जीनगर थे, जिनकी उपस्थिति में सरोवर पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने जल संरक्षण की शपथ ली और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत सामूहिक पौधारोपण किया गया।
संबोधन के दौरान विधायक जीनगर ने पर्यावरण की महत्ता पर बल देते हुए उपस्थित महिलाओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें कपड़े के बैग वितरित किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, स्वच्छता और जल स्रोतों की सुरक्षा में जनभागीदारी अनिवार्य है। विधायक ने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल का सदुपयोग करने तथा ऐतिहासिक बावड़ियों व जलाशयों की सफाई व रखरखाव में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय विकास के संदर्भ में विधायक ने आश्वस्त किया कि आकोला के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि आकोला बेड़च नदी रिवर फ्रंट परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और इसकी स्वीकृति हेतु जयपुर स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है, जिसे शीघ्र धरातल पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा नगर मंडल आकोला के अध्यक्ष शंकरलाल साहू ने विधायक व अन्य अतिथियों का स्वागत किया और आकोला में जारी विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्यामलाल सेन, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष शंकर लाल साहु, भोपासागर एसडीएम महेश जी, नगरपालिका अधिकारी कृष्ण गोपाल माली, तहसीलदार अपूर्व गौतम, आकोला नगर मंडल के उपाध्यक्ष उदय लाल छिपा, पंकज टेलर, खुमान माली, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार आचार्य, मंडल प्रतिनिधि नरेश माली, मंडल संयोजक देवेंद्र छिपा, आईटी सेल से मनोज यादव, बंशीलाल टेलर, कोषाध्यक्ष ललित हिंगड, सत्येंद्र गौड़, प्रेमशंकर यादव, राजेश चपलोत, किशन माली सहित नगरपालिका स्टाफ, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
