आकोला में कुंड वाले बाबा व कोठा वाले बाबा का तीन दिवसीय उर्स कुल की रस्म के साथ संपन्न, विधायक जीनगर ने दिए अहम आश्वासन
आकोला की जवाहर नगर कॉलोनी स्थित हजरत सयैद सिराजुदीन शाह औलिया (कुंड वाले बाबा) और बेड़च नदी तट स्थित हजरत कोठा वाले बाबा का तीन दिवसीय उर्स कुल की रस्म के साथ संपन्न हुआ। विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने शिरकत कर दरगाह की चारदीवारी और सामुदायिक भवन बनवाने का आश्वासन भी दिया।

तस्वीर में आकोला स्थित दरगाह परिसर में आयोजित उर्स के दौरान कव्वाली और महफिल कार्यक्रम में बैठे लोग नजर आ रहे हैं।
आकोला कस्बे की जवाहर नगर कॉलोनी स्थित हजरत सयैद सिराजुदीन शाह औलिया (कुंड वाले बाबा) के यहां आयोजित तीन दिवसीय उर्स सोमवार को कुल की रस्म के साथ संपन्न हो गया। कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस उर्स के दौरान महफिल-ए-मिलाद, नात-ए-पाक, तकरीर और कव्वालियों के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कव्वाल पार्टियों ने अपने कलाम पेश किए। दरगाह के खादिम फकरूचंद सेठ ने बताया कि तीन दिवसीय उर्स हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इधर, बेड़च नदी तट स्थित हजरत कोठा वाले बाबा के उर्स का भी कुल की फातेहा के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर विधायक अर्जुन लाल जीनगर, नगर मंडल अध्यक्ष शंकर साहु, भाजपा नेता श्याम लाल नाई, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सलीम पठान, बाबु पठान, मांगु खान पठान, फारूक, फकरू, समीर, राजु, सरीफ पठान सहित कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। अल्पसंख्यक कमेटी की ओर से विधायक अर्जुन लाल जीनगर का जेसीबी से फूल बरसाकर एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत एवं इस्तकबाल किया गया।
इस दौरान विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने दरगाह की चारदीवारी एवं सामुदायिक भवन बनवाने का आश्वासन दिया। दरगाह परिसर में आयोजित सुबह की कुल की महफिल में कव्वाल जफर साबरी शरीफ ने अपना कलाम प्रस्तुत करते हुए “आया ख्वाजा का चेहरा मदीने सें मेरे दिल के आईने में, मेरे वाद तू ही तू है” पेश किया। इसके साथ ही अन्य कव्वालियां भी प्रस्तुत की गईं। बाबा की मजार पर जायरीन और अकीदतमंदों ने चादर एवं फूल पेश कर अमन, चैन और खुशहाली की दुआ की।
महफिल-ए-मिलाद और कुल की फातेहा के बाद तबररूख वितरित किया गया। सोमवार सुबह 10 बजे से आयोजित महफिल-ए-मिलाद के उपरांत कव्वाल पार्टी ने अपने कलाम पेश किए। कार्यक्रम के अंत में कव्वाल पार्टी ने मेहबूब इलाही निजामुद्दीन औलिया के मुरीदे खास अमीर खुसरो द्वारा ब्रज भाषा में लिखित “आज रंग है री मां रंग है” प्रस्तुत किया। इसके बाद पेश इमाम (मौलाना) साहब ने फातिहा पढ़ी और कुल के छींटे की रस्म अदा की गई। गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे जायरीन ने मजार पर अकीदत के फूल पेश कर मुल्क में अमन और सुकून की दुआ की।
फोटो आकोला। कुंड वाले बाबा के यहां सालाना उर्स के मौके पर कव्वाली पेश करते कव्वाल।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
