राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी एवं ग्रामीण विकास शिविरों की श्रृंखला के तहत सोमवार को नगरपालिका आकोला में आयोजित शहरी शिविर का उपखण्ड अधिकारी महेश गगोरिया ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।

उपखण्ड अधिकारी महेश गगोरिया ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आगंतुक के कार्य को पूर्ण संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ संपादित किया जाए, ताकि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन करते हुए उन्होंने बच्चों को आहार खिलाया तथा उनका अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में विभिन्न सेवाओं के अंतर्गत 6 जन्म प्रमाण पत्र, 14 जन आधार निस्तारण, 2 पीएम स्वनिधि, 2 पालनहार, 3 पेंशन आवेदन सहित अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को उपहार वितरण किया गया। कार्यक्रम में अधिशाषी अधिकारी कृष्ण गोपाल माली, स्वास्थ्य जमादार रतन लाल माली, तकनीकी सहायक हिमांशु जीनगर, कुन्दन कोदली, मुकेश सुथार, रामेश्वर लाल मेघवाल सहित ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण, सार्वजनिक निर्माण, कृषि, जल संसाधन एवं विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी सफल होगा जब उनका लाभ बिना किसी बाधा के हर जरूरतमंद तक पहुंचे और प्रशासनिक सक्रियता इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story