ताईक्वोंडो में आकोला विद्यालय का दबदबा, 17 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
आकोला विद्यालय ने ताईक्वोंडो के 17 और 19 वर्ष छात्र वर्ग में चैम्पियनशिप जीती, 17 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन हुआ।

तस्वीर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला के चयनित खिलाड़ी और शिक्षक ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला के खिलाड़ियों ने 70वीं जिला स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ताईक्वोंडो के 17 और 19 वर्ष छात्र वर्ग में जिला स्तरीय चैम्पियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 17 छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
यह प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बुल में आयोजित हुई। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार भट्ट ने बताया कि 19 वर्ष छात्र वर्ग में लाला नाथ, रितेश, भरत माली, युवराज गर्ग, नयन कुमार रेगर और कन्हैया लाल माली का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ। वहीं 17 वर्ष छात्र वर्ग में मनीष रेगर, प्रशांत छिपा, नारायण लाल गवारिया, रौनक तेली, विक्रम राठौड़, दक्ष छिपा एवं रमेश माली ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।
छात्राओं में 19 वर्ष वर्ग से रानी माली और अन्तिमा सुथार तथा 17 वर्ष वर्ग से ख़ुशी वैष्णव का चयन हुआ। इसके अलावा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्रा अंजना माली और मानस टेलर भी राज्य स्तर के लिए चयनित हुए।
ताईक्वोंडो के साथ-साथ निम्बाहेड़ा में आयोजित 19 वर्ष जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भी आकोला की टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। टीम के शानदार खेल के आधार पर जन्मय मेनारिया का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य एवं UCEEO अनिल कुमार शर्मा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार भट्ट तथा विद्यालय स्टाफ ने सभी चयनित खिलाड़ियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य श्री शर्मा ने कहा कि शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार भट्ट के कड़े परिश्रम, लगन और समर्पण के कारण विद्यालय के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से लगातार राज्य स्तर पर परचम लहरा रहे हैं। पिछले वर्ष भी रिकॉर्ड 25 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर पर हुआ था। विद्यालय की टीम लगातार चार वर्षों से चारों वर्गों में चैम्पियनशिप जीतती आ रही है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ताईक्वोंडो में जिला चैम्पियनशिप के साथ 17 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन और क्रिकेट में भी राज्य स्तर की जगह मिलने से आकोला विद्यालय की खेल उपलब्धियों का सिलसिला जारी रहा।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
