आकोला में शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने की अनूठी पहल के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला के प्रतिभावान छात्र रौनक दास वैरागी को भामाशाहों एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से हवाई यात्रा करने का अवसर मिलेगा। 11 जुलाई 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में रौनक को हवाई यात्रा के लिए प्रोत्साहन राशि का चेक भी प्रदान किया गया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला में शंकर लाल साहू के मुख्य आतिथ्य, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों के विशिष्ट आतिथ्य तथा यूसीईईओ (UCEEO) एवं प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रतिभावान विद्यार्थियों का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उपरणा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

विद्यालय के विज्ञान संकाय के छात्र रौनक दास वैरागी पुत्र कैलाश दास वैरागी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उपखंड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा अंजलि सुथार ने 94.80 प्रतिशत, आदित्य मेनारिया ने 94.60 प्रतिशत, सपना मेनारिया ने 93.20 प्रतिशत, अभिषेक मेनारिया ने 90.40 प्रतिशत तथा मीनाक्षी मेनारिया ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कला वर्ग में अनीशा तेली ने 91.60 प्रतिशत, श्रुति टांक ने 91.20 प्रतिशत, जय कुमार जोशी ने 90.60 प्रतिशत तथा सुजल वैष्णव ने 90.20 प्रतिशत अंक हासिल किए। वाणिज्य वर्ग में करण मेनारिया ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला की 12वीं की छात्रा कोमल माली पुत्री प्रभु लाल माली ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्रा तेजल खटीक ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

रौनक दास को हवाई यात्रा के लिए विद्यालय के भामाशाह गोपाल लाल एवं नरेंद्र कुमार सहलोत ने 5100 रुपये, अंकित कुमार सामर ने 3100 रुपये, सुनील कुमार तातेड़, फतहनगर ने 2100 रुपये तथा उदय लाल चपलोत एवं राजेश कुमार चपलोत ने 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा एवं अतिथियों के करकमलों से प्रदान कराया। इसके अतिरिक्त भामाशाह ललित कुमार हिंगड़ ने लिफाफों में नकद राशि भेंट कर विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया।

समारोह के दौरान भामाशाह एवं पूर्व उपप्रधान नरेंद्र कुमार भट्ट ने वर्ष 2026-27 की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 1151 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। वहीं राजेश कुमार चपलोत पुत्र उदय लाल चपलोत ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को हवाई यात्रा कराने की घोषणा की।

इस अवसर पर उदयलाल छिपा, राजकुमार आचार्य, हिम्मत टांक, अंकित सामर, नरेंद्र कुमार भट्ट, रवि सहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मुरला पीईईओ अशोक कुमार रेगर, चोरवड़ी पीईईओ कन्हैयालाल मेनारिया, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं भामाशाह मुस्ताक अहमद शाह, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला की प्रधानाचार्य बेला अग्रवाल, स्थानीय विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी समारोह में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन की घोषणाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story