आकोला। सावन के दूसरे सोमवार को संगेसरा गांव में टीम युवा ब्रिगेड के सानिध्य में ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रा निकाली। चारभुजा मंदिर प्रांगण से शुरू हुई यात्रा समेलिया महादेव मंदिर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अच्छी वर्षा की कामना की।



इधर पहाड़ी क्षेत्र पर स्थित साण्डेश्वर महादेव मंदिर में भी सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे और ओम नमः शिवाय का जाप किया गया। दिनभर मौसम सुहावना रहा और झमाझम बारिश होती रही।

संगेसरा गांव में प्रातः 10 बजे चारभुजा मंदिर प्रांगण से समेलिया महादेव तक निकली कांवड़ यात्रा में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन के साथ श्रद्धालु बम-बम के जयघोष करते हुए यात्रा में आगे बढ़े।

समेलिया महादेव मंदिर पहुंचने पर युवा ब्रिगेड के पंकज खटीक ने दोनों हाथों में कांवड़ उठाकर भगवान भोलेनाथ से अच्छी वर्षा की कामना की। इसके बाद सभी कांवड़ियों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।

समेलिया महादेव मंदिर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। भोलेनाथ का यह मंदिर सदियों से जन आस्था का केंद्र रहा है और क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में माना जाता है। यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। मंदिर स्थल का विशेष दृश्य नदियों और नालों का त्रिवेणी संगम है तथा हर वर्ष शिवलिंग की बढ़ोतरी होती है।

इस अवसर पर टीम युवा ब्रिगेड के कन्हैया लाल सेन, यश सोनी, दीपक खटीक, जमना लाल, अजय भारती, अमन जयसवाल, भरत पुरी गोस्वामी, गोपाल तेली, सोहन लाल खटीक सहित समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story