आकोला में राम जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा, अखाड़ा कलाकारों ने दिखाए करतब
सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में नृसिंह मंदिर से निकाली गई यात्रा, सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह मय जाब्ता रहे तैनात।

आकोला कस्बे में राम जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार रात्रि को नृसिंह मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा के दौरान शौर्य प्रदर्शन करते श्रीराम सेवा समिति के अखाड़ा कलाकार।
काकंरवा/आकोला। चैत्र शुक्ल पक्ष की पावन नवमी के अवसर पर भगवान श्री राम जन्मोत्सव का पर्व आकोला कस्बे में हर्षोल्लास और भक्ति के चरम उत्साह के साथ मनाया गया। सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में शुक्रवार रात्रि को आयोजित इस भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया, जहाँ अखाड़े के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
आयोजन का शुभारंभ अखाड़ा चौक स्थित नृसिंह द्वारा मंदिर में भगवान की विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात, एक जीप को भव्य रथ का आकार देकर उसमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की तस्वीर को पूरी श्रद्धा के साथ विराजित किया गया। गाजे-बाजे और डीजे साउंड की गूँज के साथ शुरू हुई यह शोभायात्रा कस्बे के नाई मोहल्ला, शोभावती माता, मालियों का मंदिर, लक्ष्मी बाजार, मुख्य बस स्टैंड, पीपल चौक, रावली होली, बुनकर मोहल्ला, नीम चौक, रंगीला चौक और छीपों का मंदिर जैसे विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
पूरी यात्रा के दौरान रामभक्त डीजे पर बज रहे भक्ति भजनों पर झूमते-नाचते और 'जय श्री राम' के गगनभेदी जयकारे लगाते रहे। श्रीराम सेवा समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह शौर्य प्रदर्शन करते हुए अखाड़ा प्रदर्शन किया गया, जिसका कस्बेवासियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। केसरिया ध्वज थामे श्रद्धालुओं के उत्साह से देर रात तक भक्ति की लहर हिलोरे मारती रही। यह शोभायात्रा पुनः नृसिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आकोला थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह मय जाब्ता पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।

Shivpal singh Panwar, Chittorgarh
नाम: शिव पाल सिंह पंवार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: गाँव: कांकरवा, तहसील: भोपालसागर, जिला: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: 10 साल
बीट और मुख्य विषय (Beats & Coverage)
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत और क्षेत्र के राजनीतिक घटनाक्रम व जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों की कवरेज।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की रिपोर्टिंग।
- शिक्षा व सामाजिक मुद्दे: स्थानीय विद्यालयों की स्थिति, शिक्षा योजनाएं और ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक सरोकार से जुड़े विषय।
- स्वास्थ्य: चिकित्सा सेवाएं, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- जन समस्या: ग्रामीण अंचल की बुनियादी समस्याएं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 11वीं तक पूरी की है।
