रक्षाबंधन पर आकोला बाजार में उमड़ी भीड़, राखियों की खरीदारी के साथ महिलाओं में रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की होड़
आकोला में रक्षाबंधन पर बाजारों में भीड़ उमड़ी, राखियों की जमकर खरीदारी हुई और महिलाओं में रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की होड़ रही।

तस्वीर में आकोला के बस स्टैंड पर रोडवेज बस में चढ़ने के लिए उमड़ी भीड़ और बाजार का दृश्य दिखाई दे रहा है।
आकोला में भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन पर बाजारों में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही। राखियों और मिठाइयों की खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं, वहीं राज्य सरकार की ओर से रोडवेज बसों में दो दिन तक नि:शुल्क सफर की सुविधा के चलते महिलाओं में बसों में बैठने के लिए होड़ भी मची रही।
रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी को लेकर बाजार में दिनभर अच्छी खासी चहल-पहल रही। बिक्री बढ़ने से व्यापारी संतुष्ट दिखाई दिए। नगर पालिका के आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों से कई महिलाएं खरीदारी करने पहुंचीं। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देने के लिए खरीदारी की। कई स्थानों पर छोटे भाई अपनी मनपसंद राखी खरीदने के लिए जिद करते दिखाई दिए, जिसके बाद बहनों ने उनकी पसंद की कार्टून वाली राखियां खरीदीं।
राखियों के साथ आकर्षक राखी कार्ड भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहे। राखी विक्रेताओं के अनुसार चांदी वाली राखियों की मांग धनाढ्य लोगों द्वारा की जाती रही है, लेकिन इस वर्ष चांदी के भाव आसमान को छू रहे हैं। इसके चलते चांदी की राखियों की अधिक मांग नहीं रही। वहीं इस साल नारियल का भाव अधिक होने से इसकी बिक्री में कमी आ रही है।
राखियों की खरीदारी को लेकर शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण लोगों में भी काफी अधिक उत्साह देखा गया। ग्रामीण महिलाएं हाथ ठेलों पर चमकीली आदि राखियों की खरीदारी करती रहीं। शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
रक्षाबंधन के चलते बाजार में जगह-जगह राखियों के काउंटर और मिठाइयों की दुकानें सजाई गईं। पीपली चौक से मुख्य बस स्टैंड तक विभिन्न प्रकार की राखियों के काउंटर लगाए गए, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस बार हिन्दू कैलेंडर के अनुसार रक्षाबंधन पूर्णिमा शुक्रवार को मनाई गई।
बाजार में इस बार कई तरह की रंग-बिरंगी डिजाइनों वाली राखियां बिक्री के लिए उपलब्ध रहीं। इनकी कीमत दो रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक रही। इनमें कच्चे धागे, रेशम व सादा डोरे, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक राखियां, क्रिस्टल वाले डोरे, चूड़ा राखी, हथलेवा राखी और डू डायमंड राखी महिलाओं एवं युवतियों को लुभाती रहीं। रक्षाबंधन पर्व पर बाजार में बढ़ी चहल-पहल और खरीदारी ने पर्व की रौनक बढ़ा दी।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
