आकोला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में लगातार चौथी चोरी, साउंड सिस्टम और 15 किलो मिल्क पाउडर ले गए चोर
आकोला के नगर पालिका क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मत्स्या तालाब में लगातार चौथी बार चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर साउंड सिस्टम और करीब 15 किलो मिल्क पाउडर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि विद्यालय प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।

तस्वीर में आकोला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मत्स्या तालाब का भवन और परिसर दिखाई दे रहा है, जिसके साथ इनसेट में बिखरे हुए दस्तावेजों वाली अलमारी नजर आ रही है।
आकोला। नगर पालिका क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मत्स्या तालाब में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बेखौफ होकर विद्यालय के कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस विद्यालय में लगातार चौथी बार चोरी की घटना सामने आने से विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश तथा चिंता का माहौल है।
शुक्रवार (31 जुलाई 2026) की सुबह जब विद्यालय समय पर संस्था प्रधान और विद्यालय स्टाफ विद्यालय पहुंचे तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर प्रवेश करने पर पाया गया कि अज्ञात चोर विद्यालय का सरकारी रिकॉर्ड बिखेर गए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर विद्यालय का साउंड सिस्टम तथा पोषाहार के लिए रखा करीब 15 किलो मिल्क पाउडर चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही संस्था प्रधान अर्चना कुंवर ने तत्काल स्थानीय पुलिस थाना आकोला को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस थाना आकोला से एसआई लालाराम एवं सुरेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ विद्यालय परिसर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान प्रधानाचार्य अर्चना कुंवर ने पुलिस प्रशासन एवं आला अधिकारियों से मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आए दिन होने वाली चोरी की घटनाओं से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में विद्यालय की सुरक्षा के स्थायी और प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
घटना के दौरान भामाशाह एवं पूर्व पार्षद बंसीलाल रैगर, पिंटू मंसूरी, शराफत, शंकर नाथ तथा विद्यालय स्टाफ से देवीलाल जाट, गोपाल सिंह और संस्था प्रधान अर्चना कुंवर सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। लगातार चौथी बार हुई चोरी की इस घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
