आकोला सीएचसी पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, जांच शिविर आयोजित
मुख्यमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की मुफ्त जांच की गई और उच्च जोखिम वाली गर्भधारण की पहचान कर उन्हें 'मां वाउचर' बांटे गए।

आकोला के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विशेष शिविर में उपस्थित चिकित्साकर्मी और लाभार्थी महिलाएं।
आकोला नगर पालिका स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की देखभाल एवं स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें खून, पेशाब, बीपी, शुगर, हाइट एवं वजन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं।
अभियान के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें सभी आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित फ्री सोनोग्राफी योजना के अंतर्गत ‘मां वाउचर’ भी वितरित किए गए।
बीसीएमओ भोपालसागर डॉ. कन्हैया लाल मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को सभी सीएचसी एवं पीएचसी पर आयोजित किया जाता है। इस अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की सभी आवश्यक जांचें नि:शुल्क की जाती हैं, ताकि उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं का समय रहते पता लगाया जा सके और बच्चे का प्रसव सुरक्षित रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय पर पहचान करना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
