पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में आकोला नगर पालिका ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पॉलीथिन थैलियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं के यहां निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।

उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया तथा नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी कृष्ण गोपाल माली के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत मुख्य बस स्टैंड सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए प्रतिष्ठानों से करीब 7 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं प्लास्टिक थैलियां जब्त की गईं।

नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई के साथ-साथ व्यापारियों और आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के हित में कपड़े तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

अभियान में स्वास्थ्य जमादार रेखा देवी, जमादार मुकेश कुमार, एसबीएम एमआईएस रिया गर्ग तथा सफाई कर्मचारी तुलसीराम, विजय कुमार, अजय कुमार, शंकर लाल और राकेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के उपयोग के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त नगर के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story