आकोला में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के तहत डांडिया और गरबा की धूम परवान पर है। गली-मोहल्लों में डांडिया की खनक गूंज रही है। युवक-युवतियों, महिलाओं और बच्चों में उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, वहीं शक्तिपीठों और अन्य मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।

आकोला के पीपली चौक स्थित बाबा रामदेव नवयुवक मंडल की ओर से नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन नए स्वरूप में झांकियां सजाई जा रही हैं। झांकी कलाकार किसन पटवा ने बताया कि हर रोज अलग-अलग प्रकार की झांकियां तैयार की जा रही हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रात्रि में श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी सजाई गई। इसके साथ ही झांकी की मनमोहक झलकियों का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए आकोला और आसपास के क्षेत्रों से लोगों की भीड़ जुट रही है।

नवरात्रि के अवसर पर नीम चौक स्थित श्री चारभुजा नवयुवक मंडल, रंगीला चौक स्थित चामुंडा माता नवयुवक मंडल और सदर बाजार स्थित चारभुजा मंदिर में समस्त गुजराती मोची समाज नवयुवक मंडल की ओर से डांडिया और गरबा का आयोजन किया जा रहा है। डीजे की धुन पर युवक-युवतियां नृत्य कर रहे हैं। शोभावती माता मंदिर और अखाड़ा चौक में भी गरबा की धूम मची हुई है।

हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ और रामधुन का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, जवाहर नगर कॉलोनी स्थित चामुंडा माताजी के मंदिर में डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुत करने वाले युवक-युवतियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।

चामुंडा माता मंदिर में भक्तों ने महाआरती की। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। आकोला में नवरात्रि महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, आकर्षक झांकियों, गरबा और डांडिया आयोजनों के माध्यम से उत्सव का उल्लास विभिन्न चौक-चौराहों और मंदिरों में दिखाई दे रहा है।

Nandlal Teli, Chittorgarh

Nandlal Teli, Chittorgarh

प्रातःकाल संवाददाता

परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

कवरेज और विशेषज्ञता:

वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Next Story