आकोला नगरपालिका चेयरमैन चुनाव: भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला
प्रकाश चंद्र रेगर और अमित कुमार ने नामांकन दाखिल किया, 20 वार्डों में से कांग्रेस के 12 पार्षद जीतकर आए हैं।

तस्वीर में आकोला नगरपालिका कार्यालय में चुनाव अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपते हुए प्रतिनिधि।
आकोला। नवगठित आकोला नगरपालिका में चेयरमैन पद के लिए नामांकन के आखिरी दिन बुधवार को निर्धारित समय तक भाजपा और कांग्रेस की ओर से एक-एक नामांकन दाखिल किया गया। इसके साथ ही चेयरमैन पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।
रिटर्निंग अधिकारी बृजेन्द्र मीणा ने बताया कि बुधवार को कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 7 के पार्षद प्रकाश चंद्र रेगर और भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 16 के पार्षद अमित कुमार ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
गौरतलब है कि आकोला की नवगठित नगरपालिका के 20 वार्डों में हुए आम चुनाव में कांग्रेस के बारह, भाजपा के सात और एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
रिटर्निंग अधिकारी मीणा ने बताया कि चेयरमैन पद के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब गुरुवार को आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही चेयरमैन पद के चुनाव की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
