आकोला नगर पालिका चुनाव: कांग्रेस ने 12 वार्ड जीतकर बनाया बोर्ड
चित्तौड़गढ़ की नवगठित आकोला नगर पालिका के पहले चुनाव में कांग्रेस ने 20 में से 12 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 7 और निर्दलीय को 1 सीट मिली।

तस्वीर में आकोला के रंगीला चौक पर व्यावसायिक परिसरों के सामने एकत्र जनसमूह मौजूद है।
आकोला। चित्तौड़गढ़ जिले की नवगठित आकोला नगर पालिका के पहले औपचारिक चुनाव में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 20 में से 12 वार्डों पर कब्जा जमा लिया। भाजपा को सात वार्डों में जीत मिली, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय महिला प्रत्याशी विजयी रही। कांग्रेस की इस शानदार जीत के साथ नगर पालिका में उसका बोर्ड बनना तय हो गया है। कांग्रेस के सभी दिग्गज चुनाव जीतने में सफल रहे हैं, जबकि भाजपा के नगर अध्यक्ष शंकर लाल साहू को भी करारी हार का सामना करना पड़ा।
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। थोड़ी ही देर में वार्डवार परिणाम आने लगे। मतगणना स्थल के बाहर रंगीला चौक में परिणाम जानने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। जैसे-जैसे वार्ड पार्षदों के नतीजे घोषित होते गए, विजयी प्रत्याशियों के समर्थक नारेबाजी करते हुए झूमने लगे और जमकर आतिशबाजी की। 20 वार्डों वाली आकोला नगर पालिका का यह पहला औपचारिक चुनाव होने के कारण कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा।
घोषित सभी 20 परिणामों में कांग्रेस ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की। कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों में वार्ड नंबर 1 से चंदा कुमारी, वार्ड नंबर 4 से भावेश सोनी, वार्ड नंबर 5 से अनिल कुमार सहलोत, वार्ड नंबर 7 से प्रकाश चन्द्र रेगर, वार्ड नंबर 8 से भावेश छीपा, वार्ड नंबर 10 से पप्पू लाल भील, वार्ड नंबर 12 से भगवान लाल रेगर, वार्ड नंबर 14 से अफजल मो. मंसुरी, वार्ड नंबर 15 से रेखा माली, वार्ड नंबर 17 से प्रभुलाल माली, वार्ड नंबर 18 से जीतमल जाट और वार्ड नंबर 19 से मन्जु बाई भील शामिल हैं।
भाजपा के विजयी प्रत्याशियों में वार्ड नंबर 2 से शांति लाल बुनकर, वार्ड नंबर 3 से रमेश चंद्र कुमावत, वार्ड नंबर 6 से खुशबू, वार्ड नंबर 9 से मीना देवी खटीक, वार्ड नंबर 11 से योगेन्द्र गिरी गोस्वामी, वार्ड नंबर 16 से अमित कुमार खिंची और वार्ड नंबर 20 से रमेश चंद्र मेघवाल शामिल हैं। वार्ड नंबर 13 में उमा तेली निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतने में सफल रही।
कांग्रेस की ओर से दोनों पूर्व सरपंच अनिल सहलोत और भगवान लाल रेगर चुनाव जीत गए हैं। भगवान लाल रेगर नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के एक अन्य दावेदार प्रकाश रेगर भी वार्ड नंबर 7 से मामूली अंतर से चुनाव जीतने में सफल रहे। पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रभु लाल माली भी चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व सरपंच अनिल सहलोत एवं प्रभुलाल माली नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे हैं।
आकोला नगर पालिका अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति ओपन वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस की जीत के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड पार्षद चुने गए अनुसूचित जाति वर्ग के भगवान लाल रेगर और प्रकाश रेगर में से किसको चेयरमैन पद नसीब होता है, इसको लेकर कांग्रेस में अगली तैयारियों और रणनीति पर मंथन शुरू हो गया है।
दूसरी ओर भाजपा को चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर की तमाम कोशिशों के बाद भी भाजपा जीत दर्ज नहीं कर सकी। पार्टी के लिए संतोष की बात यह रही कि अनुसूचित जाति ओपन वर्ग के तीनों ही वार्डों में उसके उम्मीदवार विजयी रहे। भाजपा की हार के बाद कार्यकर्ताओं में निराशा एवं हताशा का माहौल है।
स्थानीय स्तर पर भाजपा की हार के कारणों में भीतरघात, प्रत्याशियों का गलत चयन, पार्टी संगठन की उदासीनता, पदाधिकारियों के अहंकार के साथ-साथ आम मतदाताओं की नाराजगी को बताया गया है। भाजपा के नगर अध्यक्ष शंकर लाल साहू को मिली हार ने पार्टी के प्रदर्शन को और चर्चा में ला दिया है।
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए अगली तैयारियों और रणनीति में जुट गई है। वहीं, स्थानीय स्वतंत्र पत्रकार की ओर से मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संभावित चुनाव परिणाम को लेकर किया गया आकलन भी सटीक साबित हुआ। उस आकलन में भाजपा के पांच से सात वार्डों में जीतने, आधे से अधिक वार्डों में कांग्रेस के जीतने तथा एक और इससे अधिक निर्दलीय प्रत्याशियों के जीतने की संभावना जताई गई थी। अंतिम परिणाम में भाजपा सात वार्डों में, कांग्रेस 12 वार्डों में और एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।
आकोला नगर पालिका के पहले औपचारिक चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त दी है और अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
