आकोला में मोहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस, उमड़ा जनसैलाब
आकोला में योम-ए-आशूरा पर पारंपरिक श्रद्धा के साथ ताजिए का जुलूस निकाला गया, जिसमें सभी समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आकोला में मोहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिए के जुलूस में शामिल बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अखाड़े के प्रदर्शनकारी।
चित्तौड़गढ़ (प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली)। आकोला कस्बे में मोहर्रम की दसवीं तारीख 'योम-ए-आशूरा' पर मुस्लिम समुदाय द्वारा पारंपरिक अकीदत और एहतराम के साथ ताजिए का जुलूस निकाला गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए निकाले गए इस जुलूस में क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ अन्य सभी समाजों के लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
जुलूस का आगाज मस्जिद से हुआ, जो छीपो का मंदिर, रंगीला चौक, नीम चौक, बुनकर मोहल्ला, होली चौक, मुख्य बस स्टैंड, मालियों का चवरा, सदर बाजार, टाकीज, अखाड़ा चौक, बेडच नदी, जवाहर नगर, मूरला चौराया, और कुण्ड वाले बाबा होते हुए मत्स्य तालाब स्थित कर्बला पहुंचा। मार्ग में हर स्थान पर लोगों की भारी भीड़ आकर्षक नक्काशी से सुसज्जित ताजिए को निहारने के लिए उमड़ी। श्रद्धालुओं ने ताजिए पर मन्नत के धागे बांधे और शीर-शक्कर का भोग अर्पित कर अपनी आस्था प्रकट की।
जुलूस के दौरान युवाओं और बच्चों द्वारा प्रस्तुत अखाड़े के जांबाज करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोल-ताशों की मातमी धुनों के बीच लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक हथियारों से किए गए प्रदर्शन ने लोगों को दंग कर दिया। जुलूस के दौरान मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया तथा पेयजल व शरबत की व्यवस्था की।
इस दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह मय जाब्ता पूरे मार्ग पर मुस्तैद नजर आए। आकोला का यह आयोजन आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल रहा। शाम को गमगीन माहौल के बीच ताजिए को कर्बला (स्थानीय विसर्जन स्थल) ले जाया गया, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक (ठंडा) किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
