मंशा महादेव व्रत का 600 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया संकल्प, शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव
आकोला क्षेत्र में 600 से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने मंशा महादेव व्रत का संकल्प लिया। शिवालयों में पूजा, कथा और महाआरती हुई।

आकोला में सावन शुक्ल सोमवार पर मंशा महादेव व्रत के शुभारंभ अवसर पर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु और गूंजते हर-हर महादेव के जयकारे।
आकोला, 17 अगस्त। क्षेत्र में सावन शुक्ल सोमवार से मंशा महादेव व्रत का संकल्प शुरू हुआ। इस अवसर पर शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। आकोला क्षेत्र में 600 से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मंशा महादेव व्रत धारण करने का संकल्प लिया।
व्रतधारी महिलाएं और पुरुष सुबह जल्दी उठकर शिव मंदिरों में पहुंचे। महिलाओं ने सूत का धागा काता और पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया। मनोकामना पूरी करने के लिए चार महीने तक चलने वाला मनसा वाचा व्रत सावन शुक्ल सोमवार से शुरू हुआ। व्रतधारियों के अनुसार यह व्रत चार महीने तक चलेगा और इसका उद्यापन कार्तिक कृष्ण चौथ को होगा।
व्रतधारी महिलाएं और पुरुष बिना खाए-पीए तड़के से ही शिवालयों में पहुंचे। यहां महादेव रूपी सूत को विराजमान कर अभिषेक किया गया और बिल्व पत्र चढ़ाए गए। धूप-दीप के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा इस दौरान मंशा महादेव की कथा का श्रवण किया गया। सावन के पहले सोमवार के श्रवण शुक्ल चतुर्थों को व्रतधारी कुंवारी कन्या द्वारा काते गए सूत की कुकड़ी, बड़ी सुपारी और सिक्के आदि से शिवलिंग बनाकर घर ले जाते हैं। यहां मनसावाचा सोलह सोमवार तक किया जाता है।
आकोला कस्बे स्थित आण के महादेव मंदिर, भाटों की कुई के पास नदी के तट पर स्थित रामेश्वर महादेव, मालियों का मंदिर, जवाहर नगर कॉलोनी थाने के पास त्र्यंबकेश्वर महादेव तथा यादव मोहल्ले के पास महादेव मंदिर में मंशा महादेव की कथा का श्रवण कर महाआरती की गई। इन मंदिरों में व्रत का संकल्प लेने वाले भक्तों की भीड़ रही।
क्षेत्र के कांकड़वा, पारी, पटोलिया, ताणा, करजाली, कानडखेड़ा, हिराजी खेड़ा, राईपुरिया कला, गुन्दली, चोरवड़ी, चौकड़ी, बाबरिया का खेड़ा, दौलतपुरा, मूरला आदि गांवों में भी लोगों ने मंशा महादेव व्रत धारण किया। परंपरा के अनुसार महिलाएं तथा पुरुष लगातार सोलह सोमवार तक यह व्रत करते हैं। व्रत के संकल्प के साथ क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में आज से ओम नमः शिवाय और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
प्रातःकाल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
