आकोला में दीपावली के बाद निभाई गई 112 साल पुरानी अनूठी खेखरा परंपरा, नीली गाय भड़कने पर सामान्य वर्ष की भविष्यवाणी
बेड़च नदी के तट पर चमड़े की कुप्पी से गायों को भड़काने की सदियों पुरानी रस्म निभाई गई, जिसमें नीले रंग की गाय के भड़कने के आधार पर पंच-पटेलों ने साल के सामान्य रहने का अनुमान जताया।

आकोला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर जुटे ग्रामीण और पंच-पटेल।
आकोला। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर आकोला कस्बे में सदियों पुरानी अनूठी परंपरा आज भी पूरी आस्था और रीति-रिवाज के साथ निभाई जा रही है। यहां गायों को चमड़े की कुप्पी दिखाकर भड़काया जाता है और सबसे पहले भड़कने वाली गाय के रंग के आधार पर आने वाले वर्ष की स्थिति का अनुमान लगाया जाता है। सोमवार को खेखरा पर्व के दौरान सबसे पहले नीले रंग की गाय भड़की। इसके आधार पर पंच पटेलों ने आने वाले वर्ष के सामान्य रहने की भविष्यवाणी की।
जानकारी के अनुसार, आकोला कस्बे को दो भागों में विभक्त करने वाली बेड़च नदी के तट पर इस परंपरागत आयोजन का आयोजन किया गया। इस दौरान पंच पटेलों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, गायों के सेवक भेरु लाल भील और ग्वालों सहित ग्रामीणों की उपस्थिति में श्रीकृष्ण महावीर गोशाला के चोपट पर गोबर से निर्मित गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद पंच पटेलों की मौजूदगी में खेखरा पर्व की परंपरा निभाई गई।
इस बार आयोजन में नीले रंग की गाय सबसे पहले भड़की। इसके बाद पंच पटेलों ने संकेत के आधार पर आने वाले वर्ष को न ज्यादा अच्छा और न ही ज्यादा खराब, बल्कि सामान्य रहने वाला बताया। इस परंपरा में सफेद रंग की गाय के सबसे पहले भड़कने पर सुकाल, काले रंग की गाय के पहले भड़कने पर अकाल और नीले रंग की गाय के सबसे पहले भड़कने पर आगामी वर्ष सामान्य रहने का अनुमान लगाया जाता है।
श्रृंगार और घुंघरू बांधकर लाई जाती हैं गायें
खेखरा पर्व के लिए पशुपालक अपनी गायों को नहलाकर विभिन्न रंगों की छापों से सजाते-संवारते हैं। उनके गले और पैरों में घुंघरू बांधकर निर्धारित स्थल पर लाया जाता है। बेड़च नदी के किनारे तय स्थान पर गांव के प्रमुख पंच पटेलों की उपस्थिति में प्रतीकात्मक रूप से एक गाय की पूजा की जाती है।
इसके बाद ग्वाला खेखरा भड़काने की रस्म निभाता है। वह बांस पर बनी चमड़े की कुप्पी और गेड़ी हाथ में लेकर गायों के सामने कुप्पी करता है। इस दौरान जो गाय सबसे पहले भड़कती है, ग्वाला उसे दौड़ते हुए उसके मालिक के घर तक ले जाता है। वहां परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार ग्वाले को भेंट स्वरूप राशि और धान दिया जाता है तथा साफा बंधवाकर सम्मानपूर्वक विदा किया जाता है।
करीब 112 वर्ष पुरानी है भानानाथ गेड़ी
इस अनूठी परंपरा का एक और खास पहलू इसमें इस्तेमाल होने वाली गेड़ी है। खेखरा पर्व पर गायों को भड़काने वाले ग्वाले ने बताया कि सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में इस्तेमाल की जाने वाली गेड़ी करीब 112 वर्ष पुरानी है। इस ऐतिहासिक गेड़ी का नाम भानानाथ गेड़ी है।
आकोला में पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीण संस्कृति और लोक मान्यताओं का हिस्सा बनी हुई है। गोवर्धन पूजा के दूसरे दिन आयोजित खेखरा पर्व में गायों के रंग और उनके सबसे पहले भड़कने के आधार पर आगामी वर्ष के सुकाल, अकाल अथवा सामान्य रहने का अनुमान लगाने की परंपरा का निर्वहन किया जाता है।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
