आकोला नगरपालिका स्थित चारभुजा मंदिर के चवरा पर पंच पटेल सहित आसपास के क्षेत्र में इन दिनों इन्द्रदेव को रिझाने के लिए खेड़ा देवत की पूजा का दौर जारी है। इसी क्रम में रविवार को ग्रामवासियों ने गांव के बाहर स्थित खेड़ा देवत स्थल पर सामूहिक आयोजन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में अच्छी बारिश तथा मौसमी बीमारियों से बचाव की कामना की।

ग्रामीणों ने खेतों में सामूहिक रूप से चूरमा-बाटी बनाकर खेड़ा देवत को भोग अर्पित किया। इसके साथ ही क्षेत्र में समय पर अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हुए पूजा-अर्चना का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

गांव के बुजुर्गों और पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने खेड़ा देवत से प्रार्थना की कि गांव को अकाल और बीमारियों से बचाया जाए तथा सभी जीवों के लिए पीने के पानी और चारे का संकट दूर हो।

ग्रामीणों का कहना है, "खेड़ा देवत हमारे गांव के रक्षक देव हैं। परंपरा अनुसार जब भी बारिश में देरी होती है या अच्छी फसल की कामना होती है, तो पूरा गांव एकजुट होकर खेड़ा देवत की शरण में आता है। हमें पूरा विश्वास है कि भगवान हमारी प्रार्थना स्वीकार करेंगे और जल्द ही अच्छी बारिश होगी।"

इसी क्रम में ग्रामीण गांव के सभी देवी-देवताओं को धोक भी दे रहे हैं। कस्बे स्थित मालियों के मंदिर में पंच पटेल की मौजूदगी में खेड़ा देवत की पूजा-पाठ और अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चूरमा-बाटी बनाकर भगवान को भोग लगाया गया। इस दौरान अच्छी बारिश की कामना की गई।

वहीं रविवार को गांव के पंच पटेलों ने भी इन्द्रदेव को रिझाने के लिए गांव के बाहर भोज का आयोजन किया। पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ सभी देवी-देवताओं को धोक देकर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पंच पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों ने अच्छी वर्षा, क्षेत्र की समृद्धि और मौसमी बीमारियों से सुरक्षा की सामूहिक प्रार्थना की।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story