आकोला में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन
आकोला में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। सरकारी और निजी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया, प्रभात फेरियां निकलीं और विद्यालयों में गीत, नाटक, परेड व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

तस्वीर में आकोला के विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करती छात्राएं नजर आ रही हैं।
आकोला में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। सरकारी और सहकारी भवनों पर शान से तिरंगा फहराया गया तथा वीर शहीदों को नमन किया गया। अलसुबह बच्चों ने प्रभात फेरियां निकालीं और देश प्रेम के गीत गाकर लोगों में जोश भर दिया।
इसके बाद नगर पालिका सहित विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, निजी संस्थाओं तथा अन्य स्थानों पर तिरंगा फहराया गया। वीरों और शहीदों को नमन करने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
रा. आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में बच्चों ने गीत, नाटक, एकांकी और समूह नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर माहौल को देश प्रेम से सराबोर कर दिया। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सामूहिक रूप से रा.उ.मा.वि. परिसर में आयोजित हुआ। प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने ध्वजारोहण किया। विशिष्ट आतिथ्य में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया गया और सलामी दी गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर कन्हैयालाल मीणा ने ध्वजारोहण किया। पुलिस थाने में थानाधिकारी श्याम बिश्नोई ने ध्वजारोहण किया। माध्यमिक विद्यालय में संस्था प्रधान ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर निजी एवं सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पीटी, परेड और रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में तिरंगे के साथ वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया और स्वतंत्रता दिवस का उत्सव देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
