आकोला में बिजली विभाग की डीपी से उतरे करंट की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है, जबकि पीड़ित पशुपालक ने विभाग से मुआवजे की मांग की है।

घटना के अनुसार, हमेशा की तरह कन्हैयालाल (पिता लक्ष्मी लाल) अपनी गाय को चराने के लिए खेतों की ओर ले जा रहे थे। दोपहर लगभग 3:00 बजे गाय उनके बाड़े के पास ही चर रही थी।

बाड़े के समीप स्थित पानी की टंकी के पास बिजली विभाग की एक डीपी लगी हुई है। बारिश या अन्य कारणों से डीपी के आसपास पानी भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि डीपी से पानी में करंट उतर रहा था। इसी दौरान गाय चरते-चरते पानी के पास पहुंची और तेज करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना भयानक था कि गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पीड़ित पशुपालक कन्हैयालाल ने बताया कि बिजली विभाग की इस लापरवाही के कारण उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाके और पानी की टंकी के पास इस तरह खुले में करंट दौड़ना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहा है। उनका कहना है कि आज एक बेजुबान जानवर इसकी चपेट में आया है। पीड़ित ने बिजली विभाग से गाय के मुआवजे की मांग की है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story