आकोला (चित्तौड़गढ़)। आकोला नगर पालिका क्षेत्र के जवाहरनगर वार्ड संख्या 14 में जलभराव, अवरुद्ध नालियों और नियमित सफाई व्यवस्था की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने प्रशासन से समाधान की मांग उठाई है। वार्ड पार्षद अफजल मंसूरी के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के स्थायी निराकरण की मांग की। इसके बाद पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वार्ड की स्थिति का निरीक्षण किया।

पार्षद अफजल मंसूरी ने बताया कि वार्ड की समस्याओं के संबंध में 30 सितंबर एवं 14 अक्टूबर को भी प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया था। नालियों में उचित ढलान और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई स्थानों पर गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन सौंपने के तुरंत बाद नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता (JEN), सफाई जमादार और पालिका टीम ने पार्षद अफजल मंसूरी तथा स्थानीय नागरिकों के साथ वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गलियों, नालियों और मुख्य मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही ह्यूम पाइप की स्थिति भी देखी गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मलबा और सिल्ट जमा होने की समस्या सामने आई।

पार्षद मंसूरी ने अधिकारियों के समक्ष जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी। उन्होंने आवश्यकतानुसार तकनीकी प्रस्ताव तैयार करने और अवरुद्ध नालियों की सफाई करवाने पर जोर दिया, ताकि वार्डवासियों को बार-बार जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

मौके पर वार्ड के वरिष्ठ नागरिक, युवा और अन्य मोहल्लेवासी भी उपस्थित रहे। पार्षद अफजल मंसूरी ने कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष लगातार उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी पहली प्राथमिकता है। अब वार्डवासियों की निगाहें जल निकासी व्यवस्था में सुधार और सफाई संबंधी समस्याओं के निराकरण पर टिकी हैं।

Nandlal Teli, Chittorgarh

Nandlal Teli, Chittorgarh

प्रातःकाल संवाददाता

परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

कवरेज और विशेषज्ञता:

वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Next Story