प्रातःकाल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़। आकोला में दूषित पेयजल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED Laboratory Chittorgarh) की टीम ने विभिन्न वार्डों और प्रभावित क्षेत्रों में विस्तृत निरीक्षण एवं सर्वे अभियान चलाया। टीम ने जलापूर्ति व्यवस्था, पानी की गुणवत्ता और संभावित लीकेज की स्थिति का जायजा लिया तथा जांच के लिए पानी के नमूने एकत्र किए।

सहायक अभियंता रूपा राम, गोपाल लाल माली और कनिष्ठ अभियंता की टीम आकोला नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में पहुंची। निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति समय पर विभिन्न उपभोक्ताओं के घरों से जीवाणु (बैक्टीरिया) जांच और रासायनिक जांच के लिए जल के नमूने लिए गए। इसके साथ ही पीने के पानी में अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) की मौजूदगी की भी गहन जांच की गई।

प्रभावित क्षेत्रों में जल वितरण नेटवर्क का सर्वे कर किसी भी प्रकार के लीकेज की संभावना की जांच की गई। इस दौरान टीम ने क्षेत्र के मुख्य जल स्रोत अखाड़ा चौक का विशेष निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण में सामने आया कि ओपन वेल (Open Well) की दीवार के पास नाली का पानी लगातार बह रहा है। इससे नाली का दूषित पानी रिसकर (seepage) कुएं के जल में पहुंचने और पेयजल को दूषित करने की आशंका बनी हुई है।

ओपन वेल और नाली के पास एक कुंडी भी बनी पाई गई, जिसमें नाली का दूषित पानी इकट्ठा हो रहा है। आशंका जताई गई कि वाल्व (Valve) के माध्यम से यह दूषित पानी मुख्य पेयजल आपूर्ति लाइन में मिल सकता है।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर सरस डेरी के पास बनाए गए गंदे नाले के स्थान पर जल आपूर्ति पाइपलाइन में लीकेज की संभावना भी सामने आई। टीम ने इस स्थिति को बेहद संवेदनशील माना है।

प्रयोगशाला टीम की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि दूषित पानी को पीने के पानी में मिलने से रोकने के लिए सामने आई कमियों और लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराना अत्यंत आवश्यक है। जलापूर्ति व्यवस्था में इन संभावित स्रोतों को ठीक करना आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Nandlal Teli, Chittorgarh

Nandlal Teli, Chittorgarh

प्रातःकाल संवाददाता

परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

कवरेज और विशेषज्ञता:

वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Next Story