आकोला। कस्बे के जवाहर नगर कॉलोनी स्थित मस्य तालाब के समीप नाला वाला राडा जी बावजी के तत्वावधान में आयोजित भव्य बगड़ावत खेल के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्राचीन लोक गाथा पर आधारित इस कार्यक्रम में भगवान श्री देवनारायण की महिमा का ऐसा अनूठा प्रदर्शन हुआ कि क्षेत्र के श्रद्धालु और दर्शक देर रात तक आयोजन स्थल पर डटे रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री देवनारायण की विधिवत पूजा-अर्चना और गायक द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना के साथ हुआ। खजुरीया श्याम म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए बगड़ावत गाथा को जीवंत कर दिया। नारायण, दिनेश खारोल और डांसर पुष्कर ने विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुथार परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने विभिन्न पात्रों का सजीव अभिनय कर प्राचीन लोक संस्कृति और वीरता की गाथा 'बगड़ावत खेल' का मनमोहक मंचन किया। लोक गाथा के प्रति अटूट श्रद्धा का ही परिणाम था कि श्रोता पूरी रात जमे रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाले इस सफल आयोजन ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली लोक परंपराओं और भगवान देवनारायण के आदर्शों से भी परिचित कराया।

Updated On

Next Story