आकोला में गणपति प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा, गुलाल उड़ाते निकले श्रद्धालु
आकोला में अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकली। डीजे, जयकारों और गुलाल के बीच देर रात तक विसर्जन चलता रहा।

तस्वीर में आकोला में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर डीजे और वाहन के साथ निकल रही गणेश विसर्जन शोभायात्रा दिखाई दे रही है।
आकोला में अनंत चतुर्दशी के पर्व पर गणपति प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। डीजे की धुनों पर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...’ के गगनभेदी जयकारों और अबीर-गुलाल के उड़ते गुबार के बीच श्रद्धालुओं ने आकोला और आसपास के इलाकों में गणेश प्रतिमाओं का भ्रमण कराया। ढोल-धमाकों और डीजे की धुनों पर थिरकते श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई दी।
सुबह से शुरू हुआ गणेश प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला देर रात तक निर्बाध रूप से चलता रहा। आकोला में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर विराजमान गणेश प्रतिमाओं को धूमधाम से विदाई दी गई। भगवान गणेश की मनमोहक झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पंडितों द्वारा हवन-यज्ञ भी किया गया।
छिपो का मंदिर, रंगीला चौक, नीम चौक, बुनकर मोहल्ले, पीपली चौक, मुख्य बस स्टैंड, लक्ष्मी बाजार, मालियों का मंदिर, अखाड़ा चौक, बेडच नदी, जवाहर नगर, मूरला चोराया और मस्य तालाब में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती के बाद गणेश प्रतिमाओं को जल में प्रवाहित कर विसर्जन किया गया।
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान आकोला थाना पुलिस मय जाब्ता तैनात रहा। धार्मिक उल्लास, शोभायात्रा और विसर्जन के साथ आकोला में अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
