ऐलागढ़ की पहाड़ियों पर नवरात्रि मेला संपन्न, मंत्री गौतम कुमार दक ने की सीसी रोड और बगीचे की घोषणा
डूंगला के एलवा माता शक्तिपीठ पर दो दिवसीय मेले का समापन, अहिरावण दहन के साथ कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां, क्षेत्र के विकास हेतु 10 लाख के बगीचे को मिली मंजूरी।

डूंगला। निकटवर्ती धार्मिक स्थल एलवा माता शक्तिपीठ ऐलागढ़ की पहाड़ियों पर स्थित माता के भव्य मंदिर परिसर में नवरात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने शीश नवाते हुए आशीर्वाद लिया। नवरात्रा के अंतिम दो दिनों में दो दिवसीय भव्य मेले का आयोजन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। मेला कमेटी के अध्यक्ष नारायण लाल व्यास ने बताया कि उक्त आयोजित मेला 25 मार्च को उद्घाटन के साथ शुरू होकर 26 मार्च को रावण दहन के साथ समापन की ओर बढ़ा। भजनों तथा रंगारंग कार्यक्रम का ग्रामीणों ने जमकर लुफ्त उठाया और अहिरावण पुतले का रात्रि 2:00 बजे दहन होने पर रामराज की स्थापना की खुशी में हर्ष जताया।
सांस्कृतिक संध्या और कलाकारों की प्रस्तुतियां
मेले के प्रथम दिन 25 मार्च को ऑर्गेनाइजर रतन चौधरी की टीम द्वारा सुप्रसिद्ध भजन गायक हर्षित लोहार और पुनीत मेनारिया द्वारा भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजित कार्यक्रम में डांसर के रूप में चांदनी चित्तौड़गढ़, सोनिया भीलवाड़ा, नेहा भीलवाड़ा और सपना भीलवाड़ा द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों का मन मोह लिया गया। वहीं अंतिम दिन देव म्यूजिकल ग्रुप गेन्जरा द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें भजन गायक कलाकार के रूप में कमलेश सेन, निरमा धनकर, ओम वैष्णव और बद्रीलाल सालवी उपस्थित थे। डांसर के रूप में सिमरन भीलवाड़ा, हरियाणा जयपुर, एंजेल भीलवाड़ा और शानू नागदा ने प्रस्तुति दी। इसके साथ ही सुपरस्टार अनोखी राजस्थानी ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया और कॉमेडी के रूप में डैनी अलबेला ने ग्रामीणों को हंसा-हंसा कर लोटपोट किया, जबकि मंच संचालन राजा बाबू सैनी द्वारा किया गया।
अतिथियों का स्वागत और गरिमामयी उपस्थिति
25 मार्च को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हनुमंत सिंह बोहेड़ा थे और अध्यक्षता लोक न्यास ट्रस्ट अध्यक्ष नारायण लाल व्यास ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्सव भाणावत (पूर्व ब्लाक अध्यक्ष), मनीष मेहता (नगर अध्यक्ष), वीरेंद्र मेहता, पुखराज त्रिवेदी, कमलेश दास वैष्णव, राजमल मेनारिया, विनोद जोशी, अशोक त्रिवेदी, गणपत लाल के साथ जमनेश वैष्णव उपस्थित थे। 26 मार्च को समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक पहुंचे। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में पूरणमल अहीर (डूंगला मंडल अध्यक्ष), नरेंद्र सिंह भुरकिया (पूर्व मंडल अध्यक्ष), मुकेश खटीक (पूर्व प्रधान), चंद्रशेखर शर्मा (पूर्व प्रधान), हीरालाल (उप प्रधान), रणजीत सिंह (बड़ी सादड़ी प्रधान), नंदलाल मेनारिया, राधेश्याम शर्मा, की लाल सिंह (डूंगला प्रशासक), कुंदन मल खेरोदिया और ठाकुर सिंह किस्मत गुर्जर मौजूद रहे। अतिथियों का सम्मान लोक न्यास ट्रस्ट अध्यक्ष नारायण लाल व्यास के साथ ओंकार लाल व्यास, राम सिंह सरवानिया, पूरणमल अहीर एवं ट्रस्ट के कार्यकारी सदस्यों द्वारा किया गया।
मंत्री गौतम कुमार दक की घोषणाएं और संबोधन
कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री दक ने धार्मिक आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि — "ऐसे आयोजन से धार्मिक भावनाओं में बढ़ोतरी होती है और सनातन धर्म को लेकर जनमानस आगे बढ़ता है।" उन्होंने रामनवमी के अवसर पर राम जन्म के महत्व को बताते हुए कहा कि — "विश्व में सनातन धर्म ही एक ऐसा धर्म है जो मानव को भगवान से जोड़ता है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने कहा कि — "उनके द्वारा ही अयोध्या में रामलला का मंदिर निर्माण का कार्य साकार होते देखा गया है और आज लाखों-करोड़ों श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचते हुए धर्म लाभ ले रहे हैं।" लोक न्यास ट्रस्ट की मांग पर मंत्री दक ने मेन रोड से लेकर माताजी मंदिर तक सीसी रोड निर्माण और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 लाख की लागत से बगीचा निर्माण की घोषणा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ऐसे धार्मिक स्थानों पर विकास की कोई कमी नहीं रहेगी।
मेले की रौनक और प्रशासनिक सम्मान
मेले में कई दर्जन व्यावसायिक दुकानें विभिन्न सामान के साथ पहुंचीं, जहाँ ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने जमकर खरीदारी की। कुल्फी, चाट-पकौड़ी और गन्ना जूस की रेडियों पर भी लोगों ने खाने-पीने का आनंद लिया। भजनों और रंगारंग कार्यक्रमों के दौरान डांसरों द्वारा लगाए गए ठुमकों पर ग्रामीणों ने उत्साहवर्धन किया। लोकन्यास ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी वाद्य यंत्रों सहित कलाकारों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान की कड़ी में बार एसोसिएशन अध्यक्ष का साफा व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा पूरे मेला ग्राउंड की सुरक्षा में तैनात पुलिस प्रशासन को भी सम्मानित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
