चित्तौड़गढ़। राजस्थान में पिछले तीन वर्षों से छात्रसंघ चुनावों पर लगी रोक के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ जिले के सभी महाविद्यालयों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया। छात्र राजनीति और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे को लेकर परिषद ने जिलेभर में मोर्चा खोलते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पांच सूत्री मांगें रखीं।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसरों में एकत्र होकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई। जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि आम विद्यार्थियों की आवाज उठाने और नए नेतृत्व को तैयार करने का लोकतांत्रिक मंच हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से चुनाव नहीं होने के कारण महाविद्यालयों में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने बताया कि जिले की सभी महाविद्यालय इकाइयों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री के नाम पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मांग की कि प्रदेश में बंद पड़े छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल किए जाएं, अकादमिक कैलेंडर के अनुरूप महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए, सभी महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति की जाए तथा सभी कॉलेजों में राजस्थानी भाषा का विभाग स्थापित किया जाए, ताकि विद्यार्थी इस भाषा के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकें।

अदिति कंवर भाटी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए उनके दोहरे चरित्र को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि पहले छात्रसंघ चुनाव बंद किए गए और अब राजनीतिक लाभ लेने के लिए उसी मुद्दे का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिषद की पांच सूत्री मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

जिले में यह विरोध प्रदर्शन चित्तौड़, बस्सी, बेगूं, गंगरार, कपासन, घोसुंडा, निंबाहेड़ा और सांवरियाजी की महाविद्यालय इकाइयों में आयोजित किया गया, जहां प्रदर्शन के साथ उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे गए। छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब जिलेभर में व्यापक छात्र भागीदारी के साथ आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story