चित्तौड़गढ़: अभाविप के विरोध के बाद एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष का प्रवेश निरस्त
महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज में एनएसयूआई अध्यक्ष अविनाश आचार्य के कथित फर्जी प्रवेश के विरोध में अभाविप ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन ने प्रवेश रद्द कर दिया।

चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसयूआई के इकाई अध्यक्ष अविनाश आचार्य के कथित फर्जी प्रवेश प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है, जिसके विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अभाविप नेता शिवाय गुर्जर ने महाविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि इकाई अध्यक्ष अविनाश आचार्य का प्रवेश नियमों को ताक पर रखकर किया गया था। आरोप है कि आचार्य अपनी स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) निकलवाने के बावजूद महाविद्यालय के नियमों के विरुद्ध एमए राजनीति विज्ञान में एक नियमित विद्यार्थी के रूप में न केवल नामांकित रहे, बल्कि निरंतर परीक्षाएं भी दे रहे हैं।
नियमों की इस कथित अनदेखी और अवैध प्रवेश के खिलाफ अभाविप के भारी विरोध प्रदर्शन और दबाव के बाद महाविद्यालय प्रशासन को झुकना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष अविनाश आचार्य का प्रवेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्र शक्ति की एकजुटता दिखाई दी, जिसमें कमल प्रजापत, अदिति कंवर भाटी, अर्पित, राजेश, धर्मेंद्र सुकवाल, सुनील तिवारी, आदित्य मेनारिया, सुंदर भांड, सावन पटवा, कौशल साहू, रोहित सेन, संजय साहू, गणपत गुर्जर और दिव्यांशु सालवी सहित कई कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे। यह घटनाक्रम छात्र राजनीति में नियमों की शुचिता को लेकर एक बड़ी नजीर के रूप में देखा जा रहा है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
