ABVP ने विजन ग्रुप ऑफ कॉलेज में माँ पन्नाधाय जल मंदिर का किया उद्घाटन
भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और छात्रों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जल सेवा अभियान शुरू किया।

चित्तौड़गढ़ के विजन ग्रुप ऑफ कॉलेज में 'माँ पन्नाधाय जल मंदिर' के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित एसएफएस राष्ट्रीय प्रमुख भवानी शंकर, कॉलेज प्राचार्य माजिद खान और एबीवीपी कार्यकर्ता।
भीषण गर्मी के बीच सेवा भाव का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गतिविधि सेवार्थ विद्यार्थी नगर द्वारा विजन ग्रुप ऑफ कॉलेज परिसर में ‘माँ पन्नाधाय जल मंदिर’ का उद्घाटन किया गया। इस पहल ने राहगीरों और विद्यार्थियों के लिए शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
अर्पित वैष्णव ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह जल सेवा अभियान 20 अप्रैल से प्रारंभ होकर चित्तौड़ प्रांत भर में संचालित किया जा रहा है, जिसमें ‘सेवा परमो धर्म’ के भाव को चरितार्थ करते हुए अतिथियों द्वारा राहगीरों एवं विद्यार्थियों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान एसएफएस राष्ट्रीय प्रमुख भवानी शंकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल सेवा ही मानवता की पहचान है। उन्होंने माँ पन्नाधाय के त्याग और सेवा भाव को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया। वहीं, जल मंदिर के शुभारंभ पर कॉलेज प्राचार्य माजिद खान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदना को जागृत करते हैं।
इस अवसर पर कॉलेज इकाई अध्यक्ष प्रणित चौरसिया, प्राची सनाढ्य, उज्जवल मेनारिया, सुरेश चीनिया, लविश लक्षकार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल भीषण गर्मी में राहत प्रदान करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश भी दे गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
