एबआरएसएम राजस्थान: निंबाहेड़ा में वार्षिक सदस्यता अभियान का शुभारंभ
डॉ. हीरालाल लुहार ने बिनोता में अभियान का आगाज किया, 25 अप्रैल तक 39 पीईईओ क्षेत्रों के शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान, विद्यालय शिक्षा खंड निंबाहेड़ा के तत्वावधान में 15 अप्रैल से वार्षिक सदस्यता अभियान का शंखनाद किया गया। अभियान का विधिवत शुभारंभ बिनोता जोन में प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. हीरालाल लुहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. लुहार ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति और उसकी रीढ़ उसकी सदस्यता ही होती है। लोकतंत्र में सदस्यों की संख्याबल और उनकी सक्रियता ही संगठन को मजबूती प्रदान करती है।
इस सघन जनसंपर्क और सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेश प्रशिक्षण प्रकोष्ठ सदस्य मदन लाल जोशी, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ सदस्य पवन शेखावत, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवींद्र सिंह सिसोदिया, जिला महिला उपाध्यक्ष राजी कुमावत, जिला पुस्तकालय प्रतिनिधि मांगीलाल सुथार, खंड अध्यक्ष निर्भय राम धाकड़, मंत्री सुरेश चंद्र कुम्हार, महिला मंत्री विद्या जटिया, कोषाध्यक्ष निर्भय राम धाकड़ एवं कार्यकर्ता जय चौहान सहित अन्य दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने निंबाहेड़ा खंड के सभी 39 पीईईओ (PEEO) एवं यूसीईईओ (UCEEO) क्षेत्रों में पहुंचकर शिक्षकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान संगठन द्वारा वर्षभर किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया और शिक्षकों की लंबित समस्याओं का संकलन भी किया गया।
बिनोता, मिण्डाना, भगवानपुरा, गुडाखेडा और मण्डलाचारण पीईईओ क्षेत्रों में शिक्षकों को सदस्यता ग्रहण करवाते हुए उन्हें संगठन को सशक्त बनाने हेतु प्रेरित किया गया। अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिनोता, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय भागल प्रथम व द्वितीय, राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय लक्ष्मीपुरा, राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय बिनोता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भगवानपुरा, राउप्रावि टांटरमाला, राजकीय प्राथमिक विद्यालय इन्दिरानगर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सातनपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुडाखेडा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय किशनपुरा एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मानपुरा के प्रधानाचार्यों से लेकर पंचायत शिक्षकों और कंप्यूटर अनुदेशकों ने उत्साहपूर्वक सदस्यता ग्रहण की। सभी ने एक स्वर में 'राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक और शिक्षक हित में समाज' के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करने का संकल्प लिया। संगठन विस्तार की दृष्टि से प्रत्येक पीईईओ स्तर पर एक संयोजक और दो सह-संयोजकों को मनोनीत कर सभी संवर्ग के शिक्षकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान आगामी 25 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा।A

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
