अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम और संगठन मंत्री महेंद्र कपूर की उपस्थिति में हुआ।

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ की ऐतिहासिक धरा पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) राजस्थान के नवनिर्मित जिला कार्यालय भवन 'माँ भारती शिक्षक सदन' का लोकार्पण रविवार को आध्यात्मिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ परम पूज्य गुरु अनंतराम महाराज के कर-कमलों द्वारा मौली बंधन खोलकर किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला कार्यालय लोकार्पण समारोह की जानकारी देते हुए कैलाश चंद्र मालू ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव एक रात्रि पूर्व संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ शुरू हुआ। लोकार्पण के दिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत मंगल गृह प्रवेश के पश्चात मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने शिक्षकों की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रलय और निर्माण शिक्षक की गोद में पलते हैं। उन्होंने आचार्य चाणक्य का उदाहरण देते हुए स्पष्ट किया कि समाज को दिशा देना और आवश्यकता पड़ने पर शस्त्र शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र रक्षा करना शिक्षक का परम धर्म है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षक ही समाज का केंद्र बिंदु है जो हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर ले जाता है।

मुख्य अतिथि निंबाराम ने अपने संबोधन में कहा कि विचारधारा और कार्यपद्धति ही हमारी पहचान है। उन्होंने आह्वान किया कि राजकीय विद्यालयों में 'गुरुकुल' का भाव जाग्रत करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। व्यक्ति निर्माण को संघ का मूल कार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के संकल्पों को डॉ. हेडगेवार ने आगे बढ़ाया और आज देश एक विचार के साथ स्थायित्व की ओर अग्रसर है। विशिष्ट अतिथि एवं चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राष्ट्र विरोधी विमर्श के वर्तमान दौर में महासंघ के कार्यकर्ताओं का उत्तरदायित्व बढ़ गया है, ताकि भावी पीढ़ी को संस्कारों और राष्ट्रप्रेम से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान आरएसएस चित्तौड़ प्रांत कार्यवाह शंकर लाल माली, एबीआरएसएम महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा, क्षेत्र प्रमुख उमराव लाल वर्मा, बजरंग लाल मजैजी, अभय सिंह राठौड़, योगेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र पुरोहित, राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत, मधु जैन, तेजपाल सिंह शक्तावत, उदय लाल अहीर, हमीर सिंह राजपूत, राजी कुमावत, नाथु लाल डांगी, बीरबल सिंह, शंकर लाल भांभी, महेश चंद्र नुवाल, भंवर सिंह गौड़, नरपत सिंह चौहान, राजेंद्र कुमार गगरानी, दीपिका झाला, सागर मल पटवा, विकास कुमार आचार्य, आशीष कुमार गुप्ता एवं चावंड सिंह चुंडावत सहित खंड कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने चित्तौड़गढ़ के कार्यकर्ताओं की कर्मठता की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। यह नवनिर्मित भवन अब जिले में शिक्षकों की वैचारिक और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story