भीषण अग्निकांड से राख हुआ डूंगला का मोटरसाइकिल गैराज, दमकल की देरी ने बढ़ाया नुकसान
डूंगला के प्रेम नगर स्थित मोटरसाइकिल गेराज में सोमवार शाम अचानक लगी भीषण आग से छह मोटरसाइकिलें और पूरा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि दमकल देरी से पहुँची। घटना ने कस्बे में दमकल व्यवस्था की गंभीर कमी को फिर उजागर किया।

डूंगला। कस्बे के प्रेम नगर स्थित मंगलवाड़ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 7 बजे एक मोटरसाइकिल गैराज में अज्ञात कारणों से अचानक भयंकर आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में दुकान से उठते काले धुएँ के गुबार ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय गेराज संचालक मुकेश मेघवाल, जिन्हें स्थानीय लोग मुकेश मिस्त्री के नाम से जानते हैं, किसी पार्सल के काम से मंगलवाड़ गए हुए थे। सिद्धार्थ ट्रैक्टर शोरूम के पास किराए की दुकान में वे मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। जैसे ही आसपास के लोगों ने बंद दुकान के भीतर से धुआं उठता देखा, उन्होंने तत्काल शटर उठाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। ट्यूबवेल से पानी की पाइप लाई गई, दुकान वालों ने अपने-अपने छोटे अग्निशमन उपकरण लेकर मोर्चा संभाला और लगातार प्रयास करते हुए करीब एक घंटे की कठिन मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और अग्निशमन केंद्र को कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मजबूरी में ग्रामीणों को अपने स्तर पर ही आग से लड़ना पड़ा। करीब सवा घंटे बाद बड़ी सादड़ी नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची, जिसने भीतर उठ रहे धुएं पर पानी डालकर आग को पूरी तरह शांत किया। घटना के बाद बड़ी सादड़ी वृत्ताधिकारी देशराज और डूंगला तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अग्निकांड में गेराज के भीतर रखी छह मोटरसाइकिलें और रिपेयरिंग का भारी सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इससे गेराज संचालक को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। घटना स्थल पर पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस नेता हनुमंतसिंह बोहेड़ा भी पहुंचे और पीड़ित को ढांढस बंधाया। दुकान मालिक सुनील मोगरा भी मौके पर मौजूद रहे।
डूंगला जैसे व्यस्ततम मार्ग पर हुई इस बड़ी घटना ने एक बार फिर कस्बे में दमकल व्यवस्था की कमी को उजागर कर दिया। पिछले कुछ समय से डूंगला और आसपास के क्षेत्र में लगातार आगजनी की घटनाएँ हो रही हैं, जिनमें बाहर से दमकल आने में देरी के कारण नुकसान कई गुना बढ़ जाता है। सोमवार की घटना ने भी यह साबित कर दिया कि कस्बे को तुरंत अपनी खुद की दमकल सुविधा की दरकार है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में जान-माल की क्षति कम की जा सके।
- डूंगला मोटरसाइकिल गैराज आग हादसाडूंगला में गेराज में लगी भीषण आगDungla motorcycle garage fire incidentMangalwad road fire accident Dunglaडूंगला में दमकल देरी से पहुंचीFire accident on Mangalwad main road Dunglaडूंगला प्रेम नगर आगजनी घटनाSix motorcycles burnt in Dungla fireमुकेश मिस्त्री गैराज आग घटना डूंगलाBadi Sadri fire brigade late arrival Dunglaडूंगला कस्बे में अग्निकांड 2025

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
