भूपालसागर। जैन धर्म के तेईसवें तीर्थंकर, संकटमोचक भगवान श्री पार्श्वनाथ के जन्म, दीक्षा और कल्याणक जैसे त्रिविध शुभ अवसरों की पवित्रता को समर्पित, भूपालसागर स्थित श्री 108 करेड़ा पार्श्वनाथ महातीर्थ पर इस वर्ष 14 दिसंबर से 16 दिसंबर 2025 तक त्रिदिवसीय भव्य महोत्सव आयोजित किया जाएगा। तीर्थ कमेटी ने इसकी तैयारियों का काम जोरों-शोरों से शुरू कर दिया है।

इस महाआयोजन का प्रमुख आकर्षण 14 दिसंबर (वदी दशम्) को मनाया जाने वाला भगवान पार्श्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव होगा। इस अवसर पर 2300 वर्ष प्राचीन इस तीर्थ पर भव्य पूजा-प्रक्षाल और अष्टम तप आराधना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। तीर्थ कमेटी ने दर्शनों की सुविधा, विस्तृत भोजनशाला, दुकानें, झूले और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को सहज और सुरक्षित अनुभव मिल सके।

तीनों दिनों के आयोजन में 14 दिसंबर को वार्षिक प्रभु महापूजा और रुद्राभिषेक पूजा, 15 दिसंबर को प्रक्षालन एवं पूजा प्रतियोगिताएं तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, और 16 दिसंबर को भव्य पार्श्वनाथ महोत्सव व तपस्वियों का उत्सव शामिल होगा। तीर्थ कमेटी ने जैन धर्मावलंबियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।

वहीं, तीर्थ स्थल की बढ़ती महत्ता को देखते हुए रेल और बस सेवाओं में सुधार की मांग उठी है। स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थ ट्रस्ट के प्रमुखों का कहना है कि भूपालसागर देश की मुख्य रेलवे लाइन से जुड़ा होने के बावजूद यहां किसी भी एक्सप्रेस या यात्री गाड़ी का दैनिक ठहराव नहीं है। इसके अलावा, राज्य परिवहन निगम की बस सेवाएं भी अपर्याप्त हैं। स्थानीय समुदाय का सुझाव है कि नियमित ट्रेनों का स्टॉपेज और प्रमुख शहरों से भूपालसागर के लिए प्रतिदिन सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएँ, ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित हो और महातीर्थ की प्रतिष्ठा और व्यापक रूप से स्थापित हो सके।

भव्य भक्ति और आस्था का यह महोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में भी नए उत्साह और पहचान का अवसर प्रदान करेगा।

Arvind Garg, Bhupalsagar

Arvind Garg, Bhupalsagar

नाम: अरविंद गर्ग

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति

अनुभव: 13 साल

परिचय

अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

स्नातक (Graduate)

Next Story