जैन समाज के अग्रिम संगठन जीतो की ओर से राजस्थान के बालोतरा शहर में टीम जीतो राजस्थान और टीम जीतो बालोतरा चैप्टर के तत्वावधान में विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। एक रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में जीतो राजस्थान जोन की ओर से प्रतिभा सम्मान और पिछले सत्र में किए गए सेवा कार्यों के लिए ‘आभार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘शून्य से शिखर तक’ रहा। इसमें 500 से अधिक सदस्यों एवं समाजबंधुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में उद्योगपति गणपतराज चौधरी, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, रिद्धि सिद्धि ग्लूको बायोल्स लिमिटेड ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने अपने जीवन और कार्यक्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए सफलता के लिए मेहनत, संघर्ष, सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास को आवश्यक बताया।

गणपतराज चौधरी ने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, व्यक्ति को अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखते हुए सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विशेष सत्र के दौरान उपस्थित सदस्यों ने प्रेरणादायी विचारों को उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम ने युवाओं एवं समाजबंधुओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार किया। साथ ही व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पिछले सत्र के दौरान विभिन्न समाज सेवा गतिविधियों में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाने तथा विश्व नवकार दिवस पर प्रदेश में नवकार जाप सफलतापूर्वक करवाने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बड़ीसादड़ी की प्रतिनिधि अमिता मेहता को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सभी टीमों के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भर गया। 500 से अधिक लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम की सफलता को खास बना दिया। ‘शून्य से शिखर तक’ संदेश के साथ आयोजित यह विशेष सत्र उपस्थित समाजबंधुओं के लिए प्रेरणा, सकारात्मक सोच और नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story