बड़ी सादड़ी में दिव्यांग मतदाता ने संभाला मतदान का मोर्चा, चेनपुरिया में लगी वोट चौपाल
चेनपुरिया गांव में स्वीप टीम ने दिव्यांग मतदाता से संवाद कर शत-प्रतिशत मतदान की अपील की और ग्रामीणों को जागरूक किया।

बड़ी सादड़ी उपखंड के चेनपुरिया गांव में पंचायत चुनाव 2026 के तहत स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत और स्थानीय ग्रामीणों के साथ दिव्यांग मतदाता भुरा राम शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 के दौरान शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्वीप टीम लगातार मतदाताओं के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत चेनपुरिया गांव पहुंचे, जहां दिव्यांग मतदाता भुरा पिता बगदी राम से संवाद कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। चेनपुरिया गांव बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र की सरहद पर छोटी सादड़ी उपखंड की सीमा के पास स्थित है। यहां दिव्यांग मतदाता ने स्वयं मतदान करने के साथ सभी दिव्यांग और सामान्य मतदाताओं से आगामी पंचायत चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।
भुरा पिता बगदी राम ने अन्य मतदाताओं से संपर्क कर शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय बोली में संदेश देते हुए कहा, "आपणों वोट लोकतंत रो प्राण है, इसका जरूर दान करो।" इसके साथ ही उन्होंने "सुनो रे भाईडा वोट जरूर दिजो" और "वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है" जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
स्वीप टीम बड़ी सादड़ी क्षेत्र में लगातार नए प्रयोगों के जरिए मतदाताओं को जागरूक कर रही है। टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित उपखंड क्षेत्र के दर्जनों अन्य विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा गांवों और चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और नव मतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया है।
इन कार्यक्रमों के दौरान मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संकल्प दिलाया गया। स्वीप टीम का कहना है कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में मतदान जागरूकता अभियान का संदेश पहुंच चुका है।
अभियान के दौरान टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, "मत चुके मतदान।" उन्होंने प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर गांव बुलाने के लिए संपर्क और मनुहार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए लोगों को प्रेरित करना और उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाना सभी की जिम्मेदारी है।
स्वीप टीम की ओर से आयोजित रैलियों और रोड शो से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्यार्थी अपने-अपने परिजनों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाकर जागरूकता अभियान में भागीदारी निभा रहे हैं। अभियान के तहत उन युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया जारी है, जिनकी उम्र अभी 18 वर्ष हुई है। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी उनके नाम जोड़ रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
स्वीप टीम मतदाताओं को यह संदेश भी दे रही है कि मतदान किसी प्रलोभन के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी अंतरात्मा की आवाज पर किया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से अभियान में "वोट हमारी जिम्मेदारी", "बाई बापू ने केनो है वोट सबने देना है" और "ना नोट से ना दारू से वोट देना आत्मा की आवाज से" जैसे संदेशों के जरिए लोगों को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व तथा स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ के मार्गदर्शन में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
अभियान की गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक पहुंचाने के लिए सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से कवरेज संकलित कर रहे हैं। वहीं, टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग दे रहे हैं। बड़ी सादड़ी क्षेत्र में गांव-गांव और चौपालों तक पहुंच रहा यह अभियान आगामी पंचायत चुनावों में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
