बेगूं अन्नपूर्णा रसोई निरीक्षण में खुली पोल, नए बस स्टैंड केंद्र पर मिलीं गंभीर खामियां
बेगूं की अन्नपूर्णा रसोइयों के निरीक्षण में नए बस स्टैंड केंद्र पर भोजन, सफाई और सामग्री की गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिलीं। अधिकारियों ने ऑपरेटर हटाने सहित सुधार के निर्देश दिए।

तस्वीर में बेगूं में अन्नपूर्णा रसोई के निरीक्षण के दौरान अधिकारी लैपटॉप पर रिकॉर्ड की जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बेगूं नगर पालिका क्षेत्र में संचालित अन्नपूर्णा रसोइयों की व्यवस्थाओं की जांच में कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आई हैं। नगर पालिका प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया के नेतृत्व में तीनों अन्नपूर्णा रसोइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर ऑपरेटर को हटाने के निर्देश दिए गए।
उपखंड अधिकारी के निर्देशन में अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार गोपाल जीनगर ने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार निरीक्षण प्रपत्र भरकर रसोइयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई में कई कमियां सामने आईं। यहां मैन्यू के अनुसार 600 ग्राम भोजन उपलब्ध मिला, लेकिन निर्धारित 300 ग्राम चपातियां नहीं मिलीं। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता को खराब पाया। इसके अलावा रसोई के अंदर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। बाहर स्थित बैठक स्थल पर भी स्वच्छता व्यवस्था असंतोषजनक मिली।
जांच में यह भी सामने आया कि गत माह जारी किए गए कूपनों में लाभार्थियों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किए जा रहे थे। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने संबंधित ऑपरेटर को हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे आटा, दाल, सब्जी, चावल, मसाले और तेल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। जांच में इन सामग्रियों की गुणवत्ता खराब पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि चावल और मिर्च में कीटाणु मिले।
उप जिला अस्पताल स्थित अन्नपूर्णा रसोई की जांच में भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं मिली। जांच के दौरान सामने आया कि यहां नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई से भोजन लाकर वितरित किया जा रहा था, जिसे अधिकारियों ने निर्धारित नियमों के विरुद्ध माना।
वहीं पुराने बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई का संचालन निरीक्षण में संतोषजनक पाया गया। यहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने और राज्य सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार अन्नपूर्णा रसोइयों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Deepanshu Sharma, Chittorgarh
नाम: दीपांशु शर्मा
वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: बेगू तहसील (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक एवं प्रशासनिक
अनुभव: 8 वर्ष (कुल)
कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता
- राजनीतिक विश्लेषण: बेगू क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों का विश्लेषण और राजनीतिक घटनाक्रमों की कवरेज।
- जनसमस्याएं: आमजन की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित समाचार।
- त्वरित कवरेज: क्षेत्र में घटने वाली घटनाओं, दुर्घटनाओं और तात्कालिक खबरों की सबसे पहले कवरेज।
- प्रशासनिक खबरें: प्रशासनिक निर्णयों, विभागीय कार्यप्रणालियों और अंदरूनी (अंदर खाने की) खबरों की सटीक जानकारी।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- प्रातःकाल: पिछले 3 वर्षों से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर बेगू तहसील में कार्यरत हैं।
- पूर्व अनुभव: इससे पहले 5 वर्ष पूर्व से सांध्यकालीन दैनिक 'कवर स्टोरी' समाचार पत्र से जुड़े हुए थे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
कला स्नातक (B.A.)
