जेके सीमेंट ने निंबाहेड़ा में शुरू किया 'प्रोजेक्ट स्पर्श', महिलाओं को मिलेगी मासिक धर्म स्वच्छता की ट्रेनिंग
जेके सीमेंट की इस पहल के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए सेनेटरी नैपकिन उत्पादन और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

निंबाहेड़ा। महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बढ़ाते हुए जे.के. सीमेंट निंबाहेड़ा एवं मांगरोल द्वारा सामाजिक सरोकार के अंतर्गत 'प्रोजेक्ट स्पर्श' का भव्य शुभारंभ किया गया। स्थानीय होटल रॉयल पारस में आयोजित इस गरिमामय समारोह में जे.के. सीमेंट के यूनिट हेड मनीष तोशनीवाल, एच.आर. हेड प्रभाकर मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत आगाज़ हुआ। यह पहल ग्रामीण अंचलों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने, महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान दिवस के गौरवशाली उल्लेख और पारंपरिक ‘खम्मा घणी’ अभिवादन के साथ अत्यंत उत्साहजनक वातावरण में हुआ। भारतीय संस्कृति की 'अतिथि देवो भव' परंपरा का निर्वहन करते हुए पधारे हुए अतिथियों का स्वागत उपरणा ओढ़ाकर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि, मंडल वन संरक्षक (DCF) श्रीमती मृदुला सिंह ने अपने संबोधन में महिला स्वास्थ्य और सेनेटरी नैपकिन की अनिवार्यता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जे.के. सीमेंट द्वारा संचालित इस अभिनव पहल और कंपनी के निरंतर जारी सी.एस.आर. कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। जे.के. ग्रुप की CSR प्रमुख शिल्पा जयसवाल ने 'प्रोजेक्ट स्पर्श' के दूरगामी दृष्टिकोण और समाज पर पड़ने वाले इसके सकारात्मक प्रभावों को विस्तार से साझा किया।
इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण 'प्रोजेक्ट स्पर्श' की आधिकारिक लॉन्चिंग रही। ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के सलाहकार श्री नीरज पोखरियाल के नेतृत्व में एक प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से इस परियोजना के उद्देश्यों को प्रदर्शित किया गया। तकनीकी सुदृढ़ता और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने हेतु कार्यक्रम में MIS ऐप का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जो इस प्रोजेक्ट की आधुनिक कार्यप्रणाली को दर्शाता है। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के तकनीकी पहलुओं पर जोर देते हुए BCMO निंबाहेड़ा ने सुरक्षित सेनेटरी नैपकिन निस्तारण के वैज्ञानिक महत्व को रेखांकित किया। वहीं, पुलिस इंस्पेक्टर सुनीता गुर्जर ने मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक कुरीतियों को कड़ी चुनौती देते हुए समाज में एक स्वस्थ और सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस विषय में पुरुषों की सक्रिय सहभागिता को भी अत्यंत आवश्यक बताया।
यूनिट हेड श्री मनीष तोशनीवाल ने क्षेत्रीय विकास और सामाजिक उत्थान में जे.के. सीमेंट के ऐतिहासिक योगदान को साझा किया। औद्योगिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण रखते हुए एच.आर. हेड प्रभाकर मिश्रा एवं टेक्निकल हेड श्री मुरलीधर लड्ढा ने उत्पादन प्रक्रिया की बारीकियों और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन सत्र में ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के सलाहकार श्री नीरज पोखरियाल एवं प्रोजेक्ट मैनेजर सृष्टि कुमावत ने समारोह में उपस्थित सभी हितधारकों, जिनमें सरपंच, ANM छात्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ITI प्राध्यापक एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाएं शामिल थीं, का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जे.के. सीमेंट के वरिष्ठ अधिकारीगण राजेश सोनी (टेक्निकल हेड), पियूष आमेटा, योगेश दशोरा, चंद्रकांत तिवारी, भुवनेश सिंह, विश्वेश दसोंदी, सुनील मिश्रा, पवन सुखवाल, गोविन्द प्रजापति सहित मांगरोल ग्राम के सरपंच गोपाल रूल आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 'प्रोजेक्ट स्पर्श' न केवल एक स्वास्थ्य अभियान है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक समग्र प्रयास है, जो समुदाय के समावेशी विकास की मजबूत नींव रखेगा।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
