बिनोता ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम गुरुवार को प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा। जिला कलक्टर डॉ. मंजू चौधरी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

निंबाहेड़ा ब्लॉक की बिनोता ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. मंजू चौधरी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, प्रशासक ईश्वरलाल मीणा तथा उपखंड अधिकारी विकास पंचोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 58 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

उपखंड अधिकारी विकास पंचोली ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा।

जिला कलक्टर ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बिनोता विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। बोर्ड परीक्षाओं तथा सहशैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में भरत कुमावत, प्रताप पाराशर, लक्षिता कुमावत, ईषिका सोनी, दिव्या कुमावत, डोली सोनी, पायल मीणा, लक्षिता गायरी, गायत्री आचार्य, खुशनुमा मंसूरी, पूजा आचार्य, फुलवंती रावल, कुमकुम वैष्णव, लोकेंद्र सिंह सारंगदेवोत और मयंक कुमावत सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जिला कलक्टर ने करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने भी अपने भविष्य और शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, तहसीलदार घनश्याम जरवाल, विकास अधिकारी लक्ष्मण खटीक, सीडीईओ प्रमोद कुमार दशोरा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी डॉ. हीरालाल लुहार, समग्र शिक्षा के तुलसीराम प्रजापत सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। आरएएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी शिविर में भाग लेकर इसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य डॉ. हीरालाल लुहार ने किया, जबकि आभार उपखंड अधिकारी विकास पंचोली ने व्यक्त किया।

रात्रि चौपाल ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण समस्याओं के समाधान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story