महाराष्ट्र के चंद्रपुर में दिवाली बोनस और बकाया वेतन की मांग को लेकर महानगरपालिका के कंत्राटी कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने आज से महानगरपालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलित कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दिवाली बोनस नहीं दिया गया, तो वे अपने परिवारों के साथ महानगरपालिका कार्यालय के सामने ही दिवाली मनाएंगे।

यह आंदोलन द कमर्शियल एंड इंडस्ट्रियल लेबर यूनियन से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के यांत्रिकी विभाग एवं जलापूर्ति विभाग और आयटक महाराष्ट्र राज्य स्वास्थ्य विभाग आशा व समूह प्रवर्तक कर्मचारी संगठन की ओर से किया जा रहा है। इसमें महानगरपालिका के यांत्रिकी और जलापूर्ति विभाग में कार्यरत कंत्राटी वाहन चालक एवं सहायक कर्मचारी शामिल हुए हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में दिवाली बोनस के साथ 31 हजार रुपये का अनुग्रह अनुदान देना भी शामिल है।

आयटक के किरण ढोबळे ने कहा कि दिवाली बोनस तत्काल देने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बोनस नहीं मिला, तो कर्मचारी अपने परिवारों के साथ चंद्रपुर महानगरपालिका कार्यालय के सामने ही दिवाली मनाएंगे।

वहीं, जलापूर्ति विभाग में पिछले 10 से 12 वर्षों से वाहन चालक के रूप में काम कर रहे कमलाकर शेंडे ने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि वे महानगरपालिका में कंत्राटी कर्मचारी के तौर पर इतने वर्षों से ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन आश्वासन दिए जाने के बावजूद उन्हें दिवाली बोनस नहीं दिया जा रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें अब तक एक बार भी दिवाली बोनस नहीं मिला है। इसके अलावा संबंधित महीने का वेतन भी बकाया है। त्योहार के समय वेतन और बोनस नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक महानगरपालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। दिवाली से पहले बोनस और बकाया वेतन का भुगतान नहीं होने का मुद्दा अब महानगरपालिका प्रशासन के सामने चुनौती बन गया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story